बिहार चुनाव पर करीब सभी एग्जिट पोल के रिजल्ट में सीएम नीतीश कुमार की सत्ता जाती दिख रही है। इन्हीं एग्जिट पोल के नतीजों को आधार मानकर संभावित नतीजों पर टीवी चैनल आजतक के एक कार्यक्रम में चर्चा हुई। इसमें भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वो अभी से मार क्यों खाएं। बकौल पात्रा मैं व्यक्तिगत रूप से मानता हूं कि प्रवक्ता को कभी भी दो बार मार नहीं खानी चाहिए। आज एग्जिट पोल दिखा के मारेंगे और कल नतीजे आएंगे तो उसके बाद चढ़ाई करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे एंकर रोहित सरदाना ने पात्रा से सवाल पूछा था कि अगर एग्जिट पोल के अनुमान नतीजों में तब्दील हुए तो जनता की नाराजगी बिहार की सरकार से है या पूरे एनडीए से हैं?

भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि वो ऐसा नहीं मानते हैं कि नतीजे एग्जिट पोल जैसे ही आएंगे। पात्रा ने अपने बात के समर्थन में ओपिनियन पोल का जिक्र किया जिसमें एनडीए को 147 सीटें जीतते हुए दिखाया गया। उन्होंने कहा कि तब भी हमने कहा कि पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे।

Arnab Goswami Case LIVE Updates

पात्रा ने आगे कहा कि एनडीए ने बिहार में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ा है। अब कुछ घंटे बाद ही नतीजे आने शुरू हो जाएंगे। बकौल भाजपा प्रवक्ता इसलिए अभी से मैं क्यों संशय व्यक्त करूं और क्यों मार खाना शुरू करूं। कल तक का इंतजार करते हैं। हो सकता है मुस्कुराने का मौका मिल जाए, क्योंकि ऐसा भी हो सकता है।

11वें मिनट से देखिए वीडियो-

एंकर ने फिर सवाल दागा कि अगर एग्जिट पोल वाले नतीजे आए? पात्रा ने कहा कि अभी से वो ऐसा क्यों सोचकर चलें। उन्होंने ओपिनियन पोल भी देखें हैं और एग्जिट पोल भी देखें हैं।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव से संबंधित शनिवार को आए एग्जिट पोल में आरजेडी नीत विपक्षी महागठबंधन को सत्तारूढ़ एनडीए पर बढ़त मिलती दिख रही है। कम से कम तीन एग्जिट पोल में महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। महागठबंधन ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है।