बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के साथ ही महागठबंधन में भी अभी सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। इसको लेकर दोनों गठबंधन में शामिल दलों में बेचैनी साफ देखने को मिल रही है। इस सब के बीच महागठबंधन में शामिल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा की तरफ से जहानाबाद की मखदूमपुर विधानसभा सीट पर दावा ठोका गया है।
इस सीट से राज्य के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी के दामाद ने अपना दावा ठोका है। हम अध्यक्ष भी अपने दामाद देवेंद्र मांझी की पैरवी में जुट गए हैं। दामाद की तरफ दावे के संबंध में परिवारवाद के सवाल पर जीतन राम मांझी ने कहा कि यह आप लोगों की मानसिकता है लेकिन बहुत से ऐसे लोग हैं जो अपने परिवार को लोगों को टिकट देते हैं। मांझी ने एलजेपी का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके परिवार के पांच लोग हैं। उन्होंने मीडिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह आप लोगों की मानसिकता है किसी पर सवाल उठा देना।
मांझी ने कहा कि कौन परिवारवाद की तरफ चल रहा है ये बताएं। लालू यादव के परिवार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इंजीनियर को हम दिए हैं तो क्या यह 7वां या 8वां पास है क्या? जब 8वां पास और 9वां पास को लोग देते हैं अपने बच्चों को तो उनके बारे में नहीं बोलते हैं। उन्होंने अपने दामाद के बारे में कहा कि वह इंजीनियर है, समाज का सेवा करना चाहता है तो उसको परिवारवाद कहा जाएगा।
पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा के सवाल पर जीतनराम मांझी ने कहा कि नहीं ऐसा नहीं है जब तक हम लोग हैं तब तक किसी भी पार्टी कार्यकर्ता की उपेक्षा कभी नहीं होगी। पूर्व सीएम ने कहा की इतना आप लोग जान लीजिए जीतन राम मांझी का ना तो कोई व्यापार है, ना कोई एजेंसी है ना ही कोई बसें चलती हैं और ना ही कोई ठेकेदारी है।
उन्होंने कहा कि मेरी एक ही खेती है जनता की सेवा करना, राजनीति। यही बात मेरे परिवार के सभी लोगों के साथ है। इससे पहले भाजपा ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के साथ मतभेद की अटकलों पर विराम लगाने का प्रयास करते हुए बुधवार को दावा किया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तीनों घटक दल साथ मिलकर लड़ेंगे।
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आज पार्टी मुख्यालय में एक लंबी बैठक की। इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी सहित कई नेता शामिल हुए।