बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 121 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इस बीच मुंगेर विधानसभा सीट पर मतदान से एक दिन पहले जन सुराज उम्मीदवार संजय कुमार सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। वह भाजपा में शामिल हो गए और अपने बीजेपी प्रतिद्वंद्वी कुमार प्रणय को समर्थन देने की घोषणा की। संजय सिंह ने कहा कि मैंने एनडीए उम्मीदवार को पूरा समर्थन देने का फ़ैसला किया है और उनकी भारी मतों से जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।

52 वर्षीय संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने यह फ़ैसला विकास और एक स्थिर सरकार के हित में लिया है। संजय का पार्टी में स्वागत करते हुए कुमार प्रणय ने उन्हें बड़ा भाई बताया और कहा कि उनका समर्थन अमूल्य है। प्रणय ने कहा, “संजय कुमार सिंह ने हमेशा जनता की आवाज़ का प्रतिनिधित्व किया है। उनका यह फ़ैसला मुंगेर में विकास और स्थिरता के हमारे सामूहिक संकल्प को मज़बूत करता है।”

जन सुराज के चार उम्मीदवार कम

इसके साथ ही जन सुराज के अब चार उम्मीदवार कम हो गए हैं, दानापुर, ब्रह्मपुर और गोपालगंज में पार्टी के प्रत्याशियों ने पहले ही चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया है या खुद को इससे अलग कर लिया है।

पढ़ें- Bihar Election 2025 Voting LIVE

वहीं, जिला भाजपा पदाधिकारी ने संजय सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह पार्टी के विकास के दृष्टिकोण में विश्वास रखते हैं और इसके लिए उन्होंने व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को त्याग दिया। इससे पहले आखिरी समय में अपने प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा पर अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को डराने का आरोप लगाया। खासकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि भाजपा जन सुराज द्वारा उतारे गए पेशेवर और ईमानदार उम्मीदवारों से डरी हुई है।

विधानसभा चुनाव 2020 में भाजपा ने मुंगेर में जीत का परचम लहराया था

मुंगेर विधानसभा क्षेत्र में परिणाम जनता दल, आरजेडी और जेडीयू के बीच बदलता रहा है। 2020 में भाजपा ने यहां जीत का परचम लहराया था। पिछले चुनाव में बीजेपी के प्रणव कुमार यादव ने आरजेडी कैंडीनेट अविनाश कुमार विद्यार्थी को 1000 वोटों के अंतर से हराया था। प्रणव को 75,573 (45.74%) और अविनाश कुमार को 74,329 (44.99%) वोट मिले थे।

पढ़ें- बिहार में वोटिंग से ठीक पहले बीजेपी को झटका