Bihar Assembly Election 2025 Date: बिहार की सभी 243 सीटों पर अगले विधानसभा चुनाव अक्टूबर–नवंबर 2025 में कराए जाने की संभावना है। इन चुनावों का आयोजन भारत निर्वाचन आयोग करेगा। पिछला विधानसभा चुनाव वर्ष 2020 के इन्हीं महीनों में संपन्न हुआ था। पिछले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने सत्ता हासिल की और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे।
हालांकि, अगस्त 2022 में नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) को एनडीए से अलग कर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और अन्य दलों के साथ मिलकर महागठबंधन सरकार बनाई। इसके बाद जनवरी 2024 में उन्होंने राजद से रिश्ता तोड़ा और भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए में वापस शामिल होकर सत्ता में बने रहे।
इसी बीच, चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने अगस्त 2024 में घोषणा की कि उनकी पार्टी जन सुराज राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कम से कम 40 सीटों पर महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया जाएगा। ऐसे में इस बार का विधानसभा चुनाव काफी अहम और निर्णायक साबित होने वाला है।
बिहार के जातीय समीकरण की बात करें तो पिछड़ा वर्ग 30–35% है, अति पिछड़ा वर्ग 20–22% है, दलित और महादलित 15–16% है। इसके अलावा सवर्ण जातियां भी बिहार में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाती हैं, उनकी संख्या 15 फीसदी के करीब बैठती है। मुस्लिमों की बात करें तो वे 16–17 प्रतिशत के आसपास बैठते हैं। जानकार मानते हैं कि बिहार की राजनीति में जो भी पार्टी इन जातियों के बीच सही तालमेल बैठाती है, उसकी सरकार बनाने की संभावना भी सबसे ज्यादा रहती है।