देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आ चुके हैं। बिहार की 2 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव था और सबकी नजरें बिहार पर टिकी हुई थी। बिहार में आरजेडी गठबंधन को एक सीट पर जीत हासिल हुई, जबकि एक सीट बीजेपी के खाते में गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के लिए यह काफी महत्वपूर्ण चुनाव था। आरजेडी-जेडीयू गठबंधन के सत्ता में आने के बाद पहली बार विधानसभा सीट पर चुनाव हुआ है।

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मोकामा विधानसभा सीट पर जीत हासिल की। हालांकि पहले भी यहां आरजेडी का ही कब्जा था। वहीं गोपालगंज विधानसभा सीट पर एक बार फिर से बीजेपी ने जीत हासिल की और आरजेडी को यहां पर करीब 1800 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। मोकामा से आरजेडी प्रत्याशी नीलम देवी ने जीत हासिल की, जबकि गोपालगंज से बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी ने जीत हासिल की।

गोपालगंज विधानसभा सीट पर आरजेडी के लिए सबसे बड़ा खतरा असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) और मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP) रही। ओवैसी की पार्टी को 12000 से अधिक वोट मिले जबकि करीब 9000 वोट बीएसपी को भी मिले।

गोपालगंज सीट पर लालू यादव के बेटे और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने आक्रामक प्रचार किया था। ऐसा इसलिए क्योंकि यह पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का गृह जिला भी है। लेकिन 2005 से अभी तक इस सीट पर आरजेडी को जीत हासिल नहीं हुई है।

वहीं मोकामा में आरजेडी ने भाजपा को 16,000 से अधिक मतों से हराया। आरजेडी प्रत्याशी और बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने बीजेपी की सुमन देवी को हराया।

बता दें कि मोकामा अनंत सिंह का गढ़ रहा है और 2005 से वे लगातार यहां पर चुनाव जीतते हुए आ रहे हैं। बीजेपी यहां पर पहली बार चुनाव लड़ रही थी। इसके पहले जब भी चुनाव हुए, बीजेपी ने अपने गठबंधन साथी के लिए यह सीट छोड़ दी। बिहार में आरजेडी और जेडीयू को उम्मीद थी कि दोनों सीटों पर गठबंधन की जीत होगी, लेकिन नतीजे पहले जैसे ही रहे। गोपालगंज जीतकर बीजेपी ने सभी को चौंकाया है।