छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आए। वहीं इन सीटों में सबसे ज्यादा चर्चित बिहार की मोकामा विधानसभा सीट थी, जहां से चर्चित बाहुबली नेता अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी मैदान में थीं। उन्होंने उपचुनाव में 16488 वोटों से जीत हासिल कर ली है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी सोनम देवी को हराया है। इसके पहले यहां से विधायक अनंत सिंह थे लेकिन उन्हें सजा हो गई, जिससे उनकी सदस्यता भी चली गई।
मोकामा सीट पर 18 राउंड की काउंटिंग हुई। आरजेडी प्रत्याशी नीलम देवी को 70746 वोट मिले, जबकि बीजेपी उम्मीदवार सोनम देवी को 54258 वोट मिले। इस प्रकार से आरजेडी उम्मीदवार 16 हजार से अधिक वोटों से चुनाव जीत गईं।
जानें RJD विधायक का राजनीतिक सफ़र
बता दें कि नीलम देवी ने पहली बार 2019 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था, लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था। नीलम देवी को जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने करीब 1 लाख 68 हजार से अधिक वोटों से हराया था। उस चुनाव में नीलम देवी को करीब तीन लाख साठ हजार वोट मिले थे, जबकि ललन सिंह को 5 लाख 28 हजार वोट मिले थे।
बता दें कि पिछले 17 सालों से मोकामा सीट से विधायक अनंत सिंह हैं। वो अकेले भी चुनाव जीतते रहे हैं। वहीं इस बार उनकी पत्नी आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं हैं और उन्हें जेडीयू का भी समर्थन प्राप्त है। वहीं बीजेपी मोकामा में अकेले दम पर चुनाव लड़ रही थी। मोकामा का जातीय समीकरण भी अनंत सिंह के पक्ष में हैं। अनंत सिंह को छोटे सरकार भी कहा जाता है।
बता दें कि 15 जुलाई को अनंत सिंह को विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। उनके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें उनके घर पर एक एके-47 राइफल और अन्य हथियार बरामद होने की बात कही गई थी। यह मामला साबित भी हो गया और अनंत सिंह दोषी ठहराए गए थे। इसके बाद लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 8 के तहत उन्हें सदन की सदस्यता के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
