बिहार में सोमवार को नीतीश कुमार राज्य के सीएम के रूप में शपथ ले सकते हैं। लेकिन इस बार सुशील कुमार मोदी उपमुख्यमंत्री नहीं होंगे। एनडीए सरकार ने उपमुख्यमंत्री कौन होगा इस बात पर अभी सस्पेंस बरकार है। एनडीए की तरफ से अभी तक स्थिति साफ नहीं की गई है।
हालांकि, इतना तय है कि पार्टी ने उप मुख्यमंत्री पद के लिए सुशील मोदी का पत्ता काट दिया है। इस बात की पुष्टि खुद सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर दी। ट्वीट में सुशील मोदी का दर्द साफ झलक रहा था। सुशील मोदी ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया की शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा।आगे भी जो ज़िम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करुंगा। कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।
सुशील मोदी ने कटिहार से नवनिर्चाचित विधायक तारकेश्वर प्रसाद को भाजपा विधायक दल का नेता और बेतिया से चौथी बार विधायक रेणु देवी को भाजपा विधान मंडल दल के उप नेता चुने जाने पर बधाई भी दी। वहीं, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता नित्यानंद राय ने ट्वीट कहा कि भाजपा विधान मंडल दल का नेता चुने जाने पर तारकिशोर प्रसाद और उपनेता चुने जाने पर रेणू देवी को बहुत-बहुत बधाई।
इससे पहले जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार को रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुन लिया गया और इसके साथ ही कुमार के लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने बताया कि राजग की संयुक्त बैठक में नीतीश कुमार को गठबंधन का नेता चुना गया।
बैठक के बाद नीतीश कुमार राजभवन गए और राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा एवं पत्र पेश किया। नीतीश कुमार ने कहा, ‘‘ कल (सोमवार) को दोपहर बाद 4 से 4.30 बजे के बीच शपथ ग्रहण समारोह होगा।
उन्होंने कहा कि अभी सभी घटक दलों के नेताओं के साथ हमने राज्यपाल को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के निर्णय के बारे में जानकारी दे दी। कुमार ने कहा कि राज्यपाल महोदय ने मुझे मुख्यमंत्री मनोनीत किया है। उन्होंने कहा कि आगे राज्य का विकास हो, इसके लिये हम सभी मिलकर काम करेंगे।
यह पूछे जाने पर कि क्या सुशील कुमार मोदी उपमुख्यमंत्री बनेंगे, कुमार ने कहा कि यह सब थोड़ी देर में तय हो जायेगा। राजनाथ सिंह ने भी उपमुख्यमंत्री के नाम के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उचित समय पर जानकारी दे दी जायेगी।