बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही आम आदमी पार्टी ने पहली सूची जारी कर दी है। आम आदमी पार्टी ने 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। बेगूसराय से आम आदमी पार्टी ने डॉक्टर मीरा सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कुशेश्वर से योगी चौपाल को उम्मीदवार बनाया है।
किसे कहां से मिला टिकट?
तरैया से अमित कुमार सिंह, कस्बा से भानु भारतीय, बेनीपट्टी से सुभदा यादव, फुलवारी से अरुण कुमार रजक, बांकीपुर से पंकज कुमार, किशनगंज से अशरफ आलम, परिहार से अखिलेश नारायण ठाकुर, गोविंदगंज से अशोक कुमार सिंह और बक्सर से पूर्व कैप्टन धर्मराज सिंह को पार्टी ने टिकट दिया है।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने किसी दल के साथ गठबंधन नहीं किया है और अकेले ही चुनाव लड़ रही है। महागठबंधन और एनडीए दोनों में अभी तक सीट बंटवारा नहीं हो पाया है। इंडिया गठबंधन में बीजेपी, जेडीयू के अलावा चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की हिंदुस्तान आवाम मोर्चा, उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल है। वहीं महागठबंधन में आरजेडी और कांग्रेस के अलावा मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी, वामपंथी दल और पशुपति पारस के लोक जनशक्ति पार्टी शामिल है।
Bihar Election 2025 Dates LIVE Updates
2020 में किसे मिली थी कितनी सीट?
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को जीत हासिल हुई थी। एनडीए गठबंधन ने 243 सदस्यीय विधानसभा में 125 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि महागठबंधन ने 110 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2020 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी को 75 सीटों पर जीत हासिल हुई थी जबकि भाजपा को 74 सीटें मिली थी। वहीं नीतीश कुमार की जेडीयू को 43, कांग्रेस को 19 सीपीआईएमएल को 12 और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने 5 सीटों पर जीत हासिल की थी।
कम सीटें मिलने के बावजूद एनडीए ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया था। 2022 में नीतीश कुमार ने NDA छोड़ दिया था और आरजेडी के साथ चले गए थे। हालांकि मुख्यमंत्री वही बने थे। इसके बाद 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले नीतीश कुमार एक बार फिर से एनडीए में शामिल हो गए। अभी नीतीश कुमार एनडीए में हैं।