Bihar Assembly Election: बिहार चुनाव के मद्देनजर बढ़ी सियासी सरगर्मी के बीच राजग के घटक दलों में अलग तरह की घबराहट है। इसके पीछे कोई और नहीं, बल्कि राजग के ही घटक लोजपा (रा) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को माना जा रहा है। बिहार में चिराग के शक्ति प्रदर्शन के प्रयास से सहयोगी दल सकते में हैं और अपने कथित खिसकते जनाधार के लेकर चिंतित भी।

बीते दिनों राजग के घटक दल हम पार्टी के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के गढ़ शाहबाद क्षेत्र में लोजपा (रा) का कार्यक्रम हुआ था। इसमें महादलित वर्ग के अलावा सर्वसमाज की भीड़ भी पहुंची थी। इससे खफा मांझी ने घबराहट में चिराग को खूब खरी-खोटी सुनाई थी। रविवार (29 जून) को जद (एकी) प्रमुख व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गढ़ में लोजपा (रा) का बहुजन भीम संकल्प समागम होने वाला है। इससे जद (एकी) खेमा भी परेशान है।

दरअसल, चिराग के राजगीर में होने वाले कार्यक्रम में पार्टी ने तीन लाख लोगों को लाने का लक्ष्य रखा है। लोजपा (रा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने ‘जनसत्ता’ से कहा कि बहुजन भीम संकल्प समागम में लोग स्वयं पहुंच रहे हैं। क्षेत्र में पार्टी के समर्थक बतौर स्वयंसेवक काम कर रहे हैं और लोगों को लोजपा (रा) प्रमुख चिराग पासवान की नीतियों से अवगत करा रहे हैं। तिवारी ने कहा कि कार्यक्रम में लगभग तीन लाख लोगों के आने की उम्मीद है।

लोजपा (रा) के राजगीर कार्यक्रम की संभावित भीड़ को लेकर भाजपा खेमे में भी हलचल है। दरअसल, पिछले दिनों सीवान में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में करीब डेढ़ लाख लोग पहुंचे थे। वह भी तब जब सीमावर्ती यूपी के विभिन्न जिलों से भी वहां भाजपा समर्थक आए थे। जबकि राजगीर के लोजपा (रा) के कार्यक्रम में आसपास के जिलों में ही जनसंपर्क हुआ है। यदि यहां डेढ़ लाख लोग भी आ जाते हैं तो भी इसे चिराग की बड़ी चुनौती के रूप में देखा जाएगा।

चिराग से लेकर प्रशांत किशोर और ओवैसी की पार्टी तक… क्या बिहार में NDA और महागठबंधन के लिए चुनौती बनेंगे छोटे दल?

पहले आरा और अब राजगीर में अभियान तथा चिराग की राज्य में अतिरिक्त सक्रियता से राजग के घटकों में बेचैनी के बाबत लोजपा (रा) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी का कहना है कि सबको अपना जनाधार बढ़ाने का अधिकार है। उसी के तहत पार्टी अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोजपा (रा) राजग की घटक थी, है और रहेगी। इसे लेकर किसी तरह का कोई संशय नहीं है। यह अलग बात है कि अन्य दलों की अपेक्षा लोजपा (रा) से जुड़ने वालों की रफ्तार अधिक है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनोज शर्मा ने चिराग पासवान की सक्रियता से मिलने वाली चुनौती को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि लोजपा (रा) राजग की घटक है। इसलिए यदि वह खुद को मजबूत बनाने के लिए कोई कार्यक्रम कर रही है इससे किसी को कोई दिक्कत नहीं है। वहीं जद (एकी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि राजग के घटक दल एकजुट हैं और विधानसभा चुनाव की तैयारी में शिद्दत से जुटे हैं। सबका लक्ष्य राजग को मजबूत करना है। वहीं, हरियाणा के चौटाला की राह पर है क्या बिहार का लालू परिवार। पढ़ें…पूरी खबर।

(जनसत्ता के लिए राजीव रंजन तिवारी की रिपोर्ट)