Congress Bharat Jodo Yatra: 30 सितंबर को कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर्नाटक पहुंच गयी है। यात्रा में हिस्सा लेने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता कर्नाटक में सबसे लंबा समय बिताएंगे। वो यहां 22 दिनों के लिए रुकेंगे। राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के शुक्रवार (30 सितंबर) को कर्नाटक में प्रवेश करते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने भाजपा को इसमें बाधा डालने की कोशिश करने के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के साथ मिलीभगत करने वाले पुलिस अधिकारियों को सबक सिखाया जाएगा।
यात्रा के स्वागत के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए, पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा देश की विभिन्न समस्याओं को उजागर करने के लिए है। उन्होंने कहा, “देश में अशांति है, कई समस्याएं हैं, भ्रष्टाचार फैला है।” सिद्धारमैया ने लोगों से यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया और दावा किया कि भाजपा कर्नाटक में इसे होते हुए नहीं देख पा रही है।
भाजपा का कोई भी नेता खुलकर नहीं घूम पाएगा: सिद्धारमैया का कहना है, “वे हमारे पोस्टर और फ्लेक में तोड़फोड़ कर रहे हैं। मैं उन्हें चेतावनी देना चाहता हूं कि अगर उन्होंने ऐसा करना जारी रखा, तो कर्नाटक में भाजपा का कोई भी नेता खुलकर नहीं घूम पाएगा। राज्य में हमारे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पास ऐसा करने की ताकत है।” पूर्व सीएम ने बताया कि उन्होंने गुरुवार और इससे पहले भी पुलिस से बात की थी।
अगले 6 महीनों में सरकार बदल जाएगी: कांग्रेस नेता ने कहा, “वे इस तरह के काम करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं पुलिस विभाग से कहना चाहूंगा कि अगले 6 महीनों में सरकार बदल जाएगी। कांग्रेस सत्ता में वापस आएगी और मैं यही चेतावनी पुलिस को भी दे रहा हूं।” सिद्धारमैया ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में सांप्रदायिकता, विभाजन और घृणा की राजनीति तेज हो गई है।
यात्रा के पोस्टर फाड़े गए: वहीं, दूसरी ओर राहुल गांधी के स्वागत में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए उनके कई पोस्टर्स फाड़ दिए गए हैं। जिसके लिए कांग्रेस ने बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है। कर्नाटक में प्रवेश से एक दिन पहले गुरुवार को कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के स्वागत में चामराजनगर जिले के गुंदलूपेट में लगाए गए पोस्टर फटे पाए गए। यहां राहुल गांधी, सिद्धारमैया समेत अन्य नेताओं के लगभग 40 पोस्टर को फाड़ दिया गया है।