Bihar Cabinet: बिहार की नई सरकार में किसके हाथ में कौन सा मंत्रालय होगा? इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। चर्चा है कि 16 अगस्त को नीतीश कैबिनेट के मंत्री शपथ ले सकते हैं। महागठबंधन की पार्टियों के सदस्यों के लिए मंत्रालय भी तय हो चुके हैं, जिसे लेकर तनाव का माहौल है।
पटना के सदाकत आश्रम में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा और बिहार प्रभारी भक्त चरण दास का जमकर विरोध किया। विरोध करने वालों का कहना है कि दोनों नेताओं की वजह से मंत्रिमंडल में सम्मानजनक जगह नहीं मिल रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी के 5 विधायकों को मंत्री पद मिलना चाहिए। विरोध के दौरान मदन मोहन झा को पार्टी कार्यालय से खदेड़ कर भगाया दिया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विधायकों की संख्या के आधार पर पार्टी के 5 मंत्री होने चाहिए। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव गयासुद्दीन खान ने कहा कि जीतन राम मांझी की पार्टी के एक विधायक को मंत्री बनाया गया है, क्योंकि उनकी पार्टी से एक ही विधायक हैं। इसी तरह विधायकों की संख्या के आधार पर बिहार कैबिनेट में कांग्रेस के 5 सदस्यों को शामिल किया जाना चाहिए।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस के दो विधायकों को बिहार कैबिनेट में जगह मिली है, जबकि 2 अन्य मंत्रियों का कोटा खाली रखा जाएगा। अगली बार जब मंत्रिमंडल विस्तार होगा, तो 2 अन्य को मौका दिया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने की सोनिया गांधी और भाकपा नेता से मुलाकात
बिहार के नए उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, भाकपा नेता डी. राजा और माकपा नेता सीताराम येचुरी से मुलाकात कर बिहार में मंत्रिमंडल गठन को लेकर चर्चा की थी।
नीतीश कुमार ने की 20 लाख लोगों को रोजगार देने की घोषणा
स्वतंत्रता दिवस पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 20 लाख लोगों को रोजगार देने की घोषणा की है। नीतीश कुमार ने कहा कि युवाओं को नौकरी मिले चाहे सरकारी हो या उसके बाहर। दस लाख क्या हम लोगों का मन है, इसे 20 लाख तक पहुंचाएं।