Ayodhya Gangrape Case: अयोध्या गैंगरेप केस में सियासत अपनी चरम पर है। इसी बीच, गैंगरेप की शिकार 12 साल की लड़की की मां ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने आरोपी मोइद खान के खिलाफ शिकायत वापस लेने के लिए उसे पैसे देने की पेशकश की थी। इंडिया टुडे को दिए गए इंटरव्यू में पीड़िता की मां ने कहा कि राशिद नाम के शख्स ने उन्हें पैसों की पेशकश की और मामले को निपटाने के लिए कहा था।

बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने भी आरोप लगाया था कि पीड़िता की मां पर मामले में समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पाल ने कहा कि बसपा के एक डेलिगेशन ने शनिवार को लड़की के गांव में उसके परिवार से मुलाकात की। लड़की की मां ने डेलिगेशन को बताया कि कुछ लोग उससे मामले में समझौता करने के लिए कह रहे हैं। हमने उसे भरोसा दिलाया कि न्याय होगा और उसे किसी के दबाव या धमकी में नहीं आना चाहिए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट किया

मां ने आरोप लगाया कि सपा सदस्य मोइद खान ने उसकी बेटी के साथ रेप किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने 30 जुलाई को अयोध्या जिले के पुराकलंदर इलाके से बेकरी मालिक मोइद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने दो महीने पहले लड़की के साथ रेप किया था और इस सबकी रिकॉर्डिंग भी की थी। घटना उस समय सामने आई जब मेडिकल टेस्ट में लड़की के गर्भवती होने का पता चला।

Ayodhya Rape Case: अयोध्या गैंगरेप मामले पर सियासत तेज, पीड़िता के परिवार से मिला BJP का प्रतिनिधिमंडल; हाईकमान को सौंपेगा रिपोर्ट

मोइद खान की बेकरी पर चला बुलडोजर

शनिवार को अयोध्या जिला प्रशासन ने खान की बेकरी को ढहा दिया। अयोध्या के जिला मजिस्ट्रेट चंद्र विजय सिंह ने बताया कि मोइद खान की बेकरी को ढहा दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विधानसभा में बोलते हुए कहा कि खान सपा से संबंध रखता है। आदित्यनाथ ने कहा था कि मोईद खान समाजवादी पार्टी से हैं और अयोध्या के सांसद की टीम के सदस्य हैं। उन्हें 12 साल की बच्ची के साथ रेप के मामले में संलिप्त पाया गया है। समाजवादी पार्टी ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

अखिलेश यादव ने रेप पीड़िता को सिक्योरिटी देने का आग्रह किया

रविवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कोर्ट से मामले की गंभीरता को देखते हुए अयोध्या रेप पीड़िता को सिक्योरिटी देने का आग्रह किया। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि मामले को राजनीतिक रूप से पेश करने वालों का यह षड्यंत्र कभी भी कामयाब नहीं होगा। शनिवार को अखिलेश यादव ने लड़की के साथ रेप के आरोपी दो लोगों का डीएनए टेस्ट कराने की मांग करके विवाद खड़ा कर दिया।