Ayodhya Deepotsav 2024: प्रभु राम की नगरी अयोध्या अपने अराध्य राम के स्वागत के लिए सज-धज कर तैयार हो गई है। 500 साल बाद अयोध्या में पहली बार ऐसा होगा कि जब रामलला की मौजूदगी में अयोध्यावासी दीवाली मनाएंगे। इस बार भगवान राम के विराजमान होने के बाद पहली बार 25 लाख दीयों से राम की पैड़ी जगमग होगी। इतना ही नहीं 1100 संत-धर्माचार्य सरयू की महाआरती करेंगे।

अयोध्या में बुधवार की सुबह से ही अध्यात्म, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम नजर आएगा। इन सभी आयोजनों के साक्षी सीएम योगी, केंद्रीय पर्यटन-संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत यूपी के कई मंत्री भी बनेंगे। हेलीकॉप्टर से भगवान राम, मां सीता और उनके भाई लक्ष्मण के स्वरुप सरयू तट पर पहुंचेंगे। इसकी सीएम योगी अगवानी करेंगे।

सीएम योगी कितने बजे कितने कार्यक्रम में होंगे शामिल

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ इस बार भी दोपहर बाद 2:30 बजे तक अयोध्या पहुंच जाएंगे। वह राम कथा पार्क में उतरेंगे। इसके बाद ही वह यहां से श्रीराम-सीता के राज्याभिषेक में पहुंचेंगे। रामकथा पार्क में रामदरबार की थीम पर 90 फीट लंबा भव्य मंच सजाया गया है। इस कार्यक्रम में करीब 18 झांकियां भी निकाली जाएंगी। इनमें से 11 झांकियां सूचना और सात पर्यटन विभाग की होंगी। ये झांकियां रामायण के किरदारों पर ही होंगी।

आज की सभी बड़ी खबरें

1100 संत करेंगे सरयू की महाआरती

भगवान राम के राज्याभिषेक समारोह के बाद सीएम योगी, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री समेत साधु और संत सरयू तट पर पहुंचेंगे। यहां पर 1100 संत और धर्माचार्य मिलकर मां सरयू की महाआरती करेंगे। जब यह आरती हो रही होगी तो रिकॉर्ड के लिए गिनीज बुक की टीम भी वहां पर मौजूद रहेगी। अयोध्या के आकाश में रंग-बिरंगी रोशनी वाले 500 ड्रोन के जरिए भव्य एरियल ड्रोन शो का आयोजन भी किया जाएगा। अयोध्या दीपोत्सव की फोटो देखने के लिए यहां क्लिक करें…

अब सुरक्षा व्यवस्था की बात करें तो दीपोत्सव पर रामनगरी में सुरक्षा का घेरा अभेद्य रहेगा। हर चप्पे-चप्पे पर पुलिस के कर्मी तैनात रहेंगे। इस बार लगभग सुरक्षा का जिम्मा 5000 से ज्यादा पुलिसकर्मी संभाल रहे हैं। इनमें लखनऊ, कानपुर, बनारस, गोरखपुर जोन से भी लगभग 1500 पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लगातार अलग-अलग स्तरों से सुरक्षा को लेकर मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी तरह से अमन-चैन में खलल डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।