दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की गुजरात में एक रैली से पहले ही उनके पोस्टर, बैनर और होर्डिंग्स फाड़ दिए गए। दोनों नेता शनिवार (08 अक्टूबर, 2022) को यहां एक रैली करने जा रहे थे। आप सरकार में एक मंत्री के कथित हिंदू विरोधी बयान के विरोध में ये पोस्टर और होर्डिंग्स फाड़े गए हैं। मंत्री के बयान से गुस्से में आए भारतीय जनता पार्टी के समर्थक आम आदमी पार्टी का विरोध कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को शांत कराने की कोशिश की और कुछ प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया है।
दिल्ली कैबिनेट में मंत्री राजेंद्र पाल गौतम हाल ही में हिंदू देवी-देवताओं के आपमान के आरोपों में घिर गए थे। वह एक बौद्ध महासभा में शामिल हुए थे, जहां हिंदू देवी-देवताओं को नहीं मानने की शपथ दिलाई गई थी। भारतीय जनता पार्टी इस घटना का विरोध कर रही है और लगातार आप पर हमलावर है।
इस बीच बताया गया कि गुजरात की सड़कों पर केजरीवाल को लेकर कई जगह होर्डिंग्स लगाई गई हैं, जिनमें उन्हें सिर पर टोपी लगाए मुस्लिम वेश में दिखाया गया है। इन होर्डिंग्स में लिखा है- मैं ब्रह्मा, विष्णु, महेश, राम और कृष्ण को ईश्वर नहीं मानता हूं।
आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में एक ‘तिरंगा यात्रा’ आयोजित करने की योजना बनाई थी। आप के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने ट्वीट कर कहा, “यह गुंडागर्दी गुजरात में भाजपा की हार के डर को दिखाती है।”
बता दें कि दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम बौद्ध महासभा के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में हिंदुओं के देवी-देवताओं को नहीं मानने की शपथ दिलाई गई थी। इस दौरान राजेंद्र पाल मंच पर भी मौजूद थे और शपथ ले रहे थे। इस कार्यक्रम का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें मंत्री की मौजूदगी में हजारों लोग राम और कृष्ण को भगवान ना मानने और कभी पूजा ना करने की शपथ ले रहे थे।
वडोदरा में प्रदर्शन कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस घटना को हिंदू धर्म का अपमान बताया है। आप के पोस्टर फाड़ने वाली एक महिला ने आरोप लगाया कि आप मंत्री ने हजारों हिंदुओं को अपना धर्म बदलने के लिए मजबूर किया। बीजेपी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और घटना का वीडियो ट्विटर पर साझा किया है। इस वीडियो में आप मंत्री पर “हिंदुओं के खिलाफ जहर उगलने” का आरोप लगाया गया है।
वहीं, मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मेरे बारे में कुछ अफवाह फैला रही है। मैं बहुत धार्मिक व्यक्ति हूं। मैं व्यक्तिगत रूप से सभी देवी-देवताओं का सम्मान करता हूं। कभी सपने में भी नहीं सोच सकता कि अपने किसी कर्म या वचन से देवी-देवताओं का अपमान करूं।