दिल्ली विधानसभा चुनाव हारने के बाद राजधानी में आम आदमी पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब दिल्ली नगर निगम की एकमात्र किन्नर पार्षद बॉबी किन्नर ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है। बॉबी किन्नर ने आम आदमी पार्टी छोड़कर नवगठित इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का दामन थाम लिया है।
बॉबी किन्नर से पहले आम आदमी पार्टी के 15 पार्षद अरविंद केजरीवाल का साथ छोड़ चुके हैं। बॉबी सुल्तानपुर माजरा विधानसभा में आने वाले वार्ड 43 सुल्तानपुरी-ए से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर आई थीं। ये सभी 16 पार्षद इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के सदस्य बन चुके हैं।
साल 2022 में हुए थे MCD चुनाव
राजधानी दिल्ली में साल 2022 में नगर निगम चुनाव हुए थे। इस चुनाव के समय दिल्ली की सत्ता में आम आदमी पार्टी काबिज थी। उसे एमसीडी के 134 वार्डों में जीत हासिल हुई जबकि बीजेपी 104 सीटों के साथ दूसरे और कांग्रेस नौ सीटों पर तीसरे नंबर पर रही।
दिल्ली नगर निगम में एंटी – डिफेक्शन कानून लागू नहीं होता है इसलिए आम आदमी पार्टी छोड़कर जा रहे पार्षदों पर एक्शन नहीं लिया जा सकता है। इस साल की शुरुआत में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम को मिली हार के बाद राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी को एक के बाद एक कई झटके लग चुके हैं। दिल्ली नगर निगम के महापौर चुनाव में भी बीजेपी को जीत हासिल हुई है।
पार्षदों का पार्टी छोड़ना क्यों AAP के लिए नुकसानदायक
नगर निगम में आम आदमी पार्टी की लगातार ताकत कम हो रही है। इस बार उसे झटका MCD के जोनल वार्ड कमेटी चुनाव से ठीक पहले लगा है। नगर निगम में जोनल वार्ड कमेटी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों के लिए चुनाव होना है। यह एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें एमसीडी स्टैंडिंग कमेटी की दो सीटों को भरने के लिए वोटिंग शामिल है। यह 18 मेंबर बॉडी है, जिसके पास महत्वपूर्ण फाइनेंशियल पावर हैं, क्योंकि यह 5 करोड़ रुपये से अधिक की सभी सिविक प्रोजेक्ट्स की देखरेख करता है।
