Amit Shah in Bihar: समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण की जयंती के मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह उनके पैतृक गांव पहुंचेंगे। बिहार भाजपा ने शनिवार (1 अक्टूबर) को इस बारे में जानकारी दी थी। अमित शाह की इस यात्रा को लेकर राज्य में सियासत गरमाने लगी है। वहीं, सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हर कोई बिहार आ सकता है।

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से गृहमंत्री अमित शाह की बिहार यात्रा के बारे में जानकारी दी। जायसवाल ने अपने पोस्ट में लिखा, “माननीय गृहमंत्री 11 अक्टूबर को सिताब दियारा आएंगे। लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जयंती पर भारत सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम हेतु माननीय गृहमंत्री जी वाराणसी से सिताब दियरा आएंगे और पुनः वाराणसी लौट जाएंगे।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 11 अक्टूबर को समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण की जयंती के लिए राज्य के दौरे पर बात करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संवाददादतों से कहा कि सभी को बिहार जाने का अधिकार है। हमने जेपी के गांव को बहुत अच्छी तरह से मेंटेन रखा है।

अमित शाह की दूसरी बिहार यात्रा: दरअसल, अगस्त में जेडीयू से गठबंधन टूटने के बाद से अमित शाह की यह दूसरी बिहार यात्रा होगी। पिछले हफ्ते गृहमंत्री ने सीमांचल क्षेत्र पूर्णिया और किशनगांज जिलों में दो दिन बिताए थे। यहां उन्होंने एक सार्वजनिक बैठक और कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की थी। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने सार्वजनिक सभा की और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत भी कि। जिसमें अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव के जनादेश के साथ विश्वासघात के खिलाफ आवाज बुलंद की थी।

भाजपा अध्यक्ष ने नीतीश-लालू पर किया कटाक्ष: वहीं, दूसरी ओर भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने अपने पोस्ट में नीतीश कुमार और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा, “लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के संपूर्ण क्रांति आंदोलन से निकले हुए उनके कई शिष्य आज कांग्रेस की गोदी में बैठे हुए हैं और सोनिया गांधी के दरबार में हाजिरी बजाना अपने जीवन की उपलब्धि मानते हैं।”

दरअसल, पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी और विपक्षी एकता पर चर्चा की। जिसे लेकर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट पर कटाक्ष किया।