केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार (08 अक्टूबर, 2022) को असम के गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर खूब हमला बोला और कहा कि उनके राज में यहां कोई विकास नहीं हुआ, सिर्फ आतंकवाद, विघटन एवं आंदोलन हुए। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने यहां इंदिरा गांधी के खिलाफ नारे लगाए थे, तब पूर्व हितेश्वर सैकिया की सरकार में उनको खूबर मारा गया था।

उन्होंने कहा, “मैं यहां विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम में आया था तब हमें हितेश्वर सैकिया ने बहुत मारा था… हम नारे लगाते थे असम की गलियां सूनी है इंदिरा गांधी खूनी है।” उन्होंने बीजेपी की सरकार में असम और पूर्ववर्ती राज्यों के विकास के बार में बात करते हुए कहा कि कल्पना नहीं थी कि भाजपा अपने बूते पर 2 बार जीतकर यहां सरकार बनाएगी। शाह ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट का विकास और भाजपा का नॉर्थ ईस्ट में विकास दोनों समांतर चल रहा है।

अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, “असम की भूमि को कांग्रेस ने कई साल तक आतंकवाद, विघटन, आंदोलन और हड़ताल की भूमि बना दिया था। यहां पर न विकास हो रहा था ना शिक्षा हो रही थी, न शांति थी। आज मुझे खुशी है कि 2014 से पूरा नॉर्थ ईस्ट विकास के रास्ते पर चल पड़ा है।”

इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। उन्होंने कहा, “एक समय ये राज्य जो 4 देशों से घिरा हुआ था, मुसीबत में पड़ा था। देश का नेतृत्व कमजोर था, लेकिन आज यही नॉर्थ-ईस्ट, यही असम मुख्य धारा में शामिल है और विकास की प्रक्रिया में मुख्य रूप से आगे बढ़ कर आ रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “एक समय में यह राज्य बंद से जाना जाता था। आज यह शांतिप्रिय और विकासशील प्रदेश है। यह नेतृ्त्व के अंतर के कारण हुआ है।”