Aligarh Name Change News: योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद से ही जगहों के नाम बदलने का सिलसिला जारी है। यूपी में कई जगहों के नाम बदले जा चुके हैं। इसी क्रम में यूपी के अलीगढ़ का नाम बदलने का नंबर है। अलीगढ़ का नाम बदलकर अब हरिगढ़ किया जाएगा। मंगलवार को नगर निगम की बैठक में नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी भी मिल चुकी है।

नगर निगम की बैठक में अलीगढ़ का नाम बदल कर हरिगढ़ करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा, “कल बैठक में एक पार्षद संजय पंडित द्वारा एक प्रस्ताव अलीगढ़ को हरिगढ़ करने का रखा गया। जिसको सर्वसम्मति से सभी पार्षदों ने पास करा दिया। अब इसे आगे भेजा जाएगा। मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द शासन इसे संज्ञान में लेकर अलीगढ़ के नाम को हरिगढ़ करने की हमारी मांग को पूरी करेगा।”

बीजेपी पार्षद संजय पंडित ने रखा प्रस्ताव

बता दें, अलीगढ़ नगर निगम बोर्ड की बैठक में भारतीय जनता पार्टी पार्षद संजय पंडित ने अलीगढ़ का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव में उन्होंने अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिगढ़ रखने की मांग की। बैठक में प्रस्ताव आते ही विपक्षी पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा के नाम में बदलाव के एजेंडे को लेकर जमकर बवाल हुआ। भाजपा पार्षदों ने मेज थपथपाकर इस प्रस्ताव का स्वागत किया। बैठक में भाजपा पार्षदों ने प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई। इसके बाद इसे पास कर दिया गया। अब नगर निगम बोर्ड के पास प्रस्ताव को सरकार को भेजा जाएगा। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद अलीगढ़ को नए नाम से जाना जाएगा। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले अलीगढ़ का नाम बदलने के प्रस्ताव को पास किए जाने को लेकर अब राजनीतिक चर्चा भी गरमाने की उम्मीद की जा रही है।

यूपी सरकार में बदले गए इन बड़े शहरों के नाम-

यूपी की योगी सरकार में इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किया गया। फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किया गया। वहीं मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन किया गया। झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन रखा गया। सबसे पहले मुगलसराय जंक्शन का नाम बदल कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन कर दिया गया था। इसके बाद मुगलसराय तहसील का नाम भी पंडित दीन दयाल उपाध्याय कर दिया गया था।

लखनऊ में इन जगहों के बदले गए नाम-

कुछ महीने पहले प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कई जगहों के नाम बदले गए थे। इनमें बर्लिगटन चौराहा का नाम अशोक सिंघल कर दिया गया। सर्वोदयनगर में द्वार का नाम नामकरण विनायक दामोदर सावरकर द्वार कर दिया गया। वहीं सिकंदराबाग चौराहे का नामकरण विरांगना उदादेवी हो गया तो विरामखंड राम भवन चौराहा, अमर शहीद मेजर कमल कालिया चौराहा किया गया।