‘नेताजी’ मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) को बुधवार को मरणोपरांत पद्म विभूषण अवार्ड से सम्मानित किया। उनके बेटे और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनका अवार्ड ग्रहण किया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव भारत के रक्षा मंत्री और लंबे समय तक सांसद भी रहे थे।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव के अलावा मशहूर चिकित्सक दिलीप महालनाबिस को भी मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। 1971 के बांग्लादेश युद्ध शरणार्थी शिविरों में सेवा करने के लिए अमेरिका से लौटे थे।
दिलीप महालनाबिस को ‘ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन’ (ओआरएस) पर किए गए कार्य के लिए वैश्विक स्तर पर पहचान मिली थी। महालनाबिस का पुरस्कार उनके भतीजे ने प्राप्त किया। इन दोनों महान हस्तियों के अलावा लेखक सुधा मूर्ति (Sudha Murti), भौतिक विज्ञानी दीपक धर, उपन्यासकार एस.एल. भैरप्पा और वैदिक विद्वान त्रिदंडी चिन्ना जे. स्वामीजी को राष्ट्रपति भवन में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। दीपक धर सांख्यिकीय भौतिकी में अपने लंबे शोध करियर के लिए जाने जाते हैं।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में फिल्म ‘आरआरआर’ के गीत ‘नाटू नाटू’ के लिए भारत का पहला ऑस्कर जीतने वाले संगीत निर्देशक एम.एम. कीरावानी और बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन (Ravina Tandon) को पद्मश्री दिया गया। समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi), लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और कई केंद्रीय मंत्रियों समेत अन्य अतिथि उपस्थित थे।
राष्ट्रपति ने इस वर्ष के गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 106 पद्म पुरस्कार दिए जाने को मंजूरी दी थी। बुधवार को कुल 53 पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें तीन पद्म विभूषण, पांच पद्म भूषण और 45 पद्म श्री शामिल रहे। अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों को 22 मार्च को पद्म पुरस्कार दिए गए थे।
इन हस्तियों को भी किया गया सम्मानित
- चिकित्सक दिलीप महालनाबिस (मरणोपरांत)- पद्म विभूषण
- लेखक सुधा मूर्ति- पद्म भूषण
- भौतिक विज्ञानी दीपक धर- पद्म भूषण
- रविना टंडन- पद्म श्री
- आनंद कुमार (सुपर 30)- पद्म श्री
- संगीतकार एमएम कीरावनी- पद्म श्री
- कूमी नरीमन वाडिया- पद्म श्री