अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। अखिलेश यादव पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उनसे पूछ लिया गया कि क्या वह भी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जाएंगे?
सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा, “देखिए यह भगवान का कार्यक्रम है। भगवान से बढ़कर कोई भी नहीं है। ना ही मुख्यमंत्री भगवान से बढ़कर हैं, ना ही हम भगवान से बढ़कर हैं। भगवान जब जिसे बुलाएंगे, वह अपने आप दौड़ा चला जाएगा। भगवान कब किसको बुला ले, यहां किसी को भी नहीं पता। इसलिए भगवान जब बुलाएंगे तो हम जाएंगे।”
जब अखिलेश यादव से यह सवाल पूछा गया, उस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य खड़े थे। इस दौरान वह मुस्कुरा रहे थे। स्वामी प्रसाद मौर्य अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं। लगातार वह हिंदू धर्म के खिलाफ बयान दे रहे हैं।
भाजपा सूची बना रही कि अयोध्या कार्यक्रम में कौन आएगा और कौन नहीं- अखिलेश
अखिलेश यादव ने राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी जी की बातों से तो ऐसा लग रहा है कि भाजपा सूची बना रही है कि अयोध्या कार्यक्रम में कौन आएगा और कौन नहीं आएगा। अखिलेश यादव सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के जन्मदिन के मौके पर लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर में पहुंचे थे। इस दौरान अखिलेश ने अंत में कहा कि हम लोग अस्पताल में हैं और जब कोई ज्यादा बीमार हो जाता है तब डॉक्टर भी यही कहते हैं कि अब तो भगवान ही बचाएंगे।
7 हजार लोगों को दिया जाएगा आमंत्रण
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 22 जनवरी को है। इस कार्यक्रम में करीब 7 हजार लोगों को निमंत्रण भेजा जा रहा है। सभी राष्ट्रीय दलों के अध्यक्षों को भी न्योता भेजा गया है। इससे पहले सपा सांसद डिंपल यादव ने भी कहा था कि आमंत्रण मिलेगा तो हम भी अयोध्या जायेंगे। सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी अयोध्या आने का न्योता दिया गया है।
