Manish Sisodia Resigns: दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने जेल जाने के बाद इस्तीफा दे दिया है। अब कांग्रेस पार्टी ने भी उनपर हमला बोला है। कांग्रेस के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन ने कहा, “मुझे लगता है कि सुप्रीम कोर्ट ने सही फैसला किया है। जो लोग मनीष सिसोदिया से हमदर्दी रख रहे हैं वो जान लें ये भ्रष्टाचार का मामला है।”
उन्होंने कहा कि यह दिल्ली में हुआ एक बड़ा शराब घोटाला है और इसे इसी तरह देखा जाना चाहिए। आम आदमी पार्टी दिखा रही है कि उनके साथ बहुत नाइंसाफी हुई है, मनीष सिसोदिया ने 4 सितंबर 2022 को खुद कमेटी बनाई थी और कहा कि कमेटी बताए कि शराब नीति में क्या बदलाव होने चाहिए। भ्रष्टाचार करने के लिए कमेटी की रिपोर्ट को लागू नहीं किया गया।
अजय माकन ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने इस पैसे का इस्तेमाल कांग्रेस के खिलाफ गोवा चुनाव में किया। आम आदमी पार्टी जो भ्रष्टाचार से लड़ रही थी, अब खुद भ्रष्टाचार कर रही है। वो सियासी इस्तेमाल के लिए पैसे का उपयोग कर रहे हैं। इस मामले में कोई राजनीतिक बदले की भावना नहीं है क्योंकि यह भ्रष्टाचार का स्पष्ट मामला है।
दिल्ली कांग्रेस ने मांगा केजरीवाल का इस्तीफा
अजय माकन से एक कदम आगे निकलते हुए दिल्ली कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का भी इस्तीफा मांगा गया। दिल्ली कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की पूरी कैबिनेट भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री को 2 मंत्रियों की जगह खुद इस्तीफा देना चाहिए। शराब घोटाले और अन्य घोटालों की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्यमंत्री का इस्तीफा होना जरूरी है।”
अनिल कुमार ने दावा किया, “केजरीवाल ने भ्रष्टाचारियों की भगत सिंह से तुलना की। जिन्हें कट्टर ईमानदारी का सर्टिफिकेट दिया वो बेईमान साबित हो रहे हैं।” कांग्रेस नेता अलका लांबा ने दावा किया, “केजरीवाल, सिसोदिया को बहुत पहले से ही निपटाने की फ़िराक़ में थे, पर कुछ यूं भ्रष्टाचार में फंसा कर निपटाएगें सोचा नहीं था।”