Bihar News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे से पहले बीजेपी को बड़ा झटका है। यहां नरपतगंज विधानसभा का चार बार प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व भाजपा विधायक जनार्दन यादव ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। जनार्दन यादव लंबे समय से पार्टी के सक्रिय सदस्य रहे और वर्ष 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर पहली बार नरपतगंज से विधायक बने थे, लेकिन कम उम्र के कारण हाई कोर्ट के निर्देश पर उन्हें अयोग्य घोषित कर फिर से चुनाव हुआ था।
इसके बाद 1980 में हुए उपचुनाव में वे भाजपा से चुनाव जीते। 1980 के बाद 2000 और 2005 के विधानसभा चुनाव में विधायक बने। साल 2015 में उन्हें फिर से भाजपा ने टिकट दिया था, लेकिन वे हार गए।
भाजपा से इस्तीफा देते हुए पूर्व भाजपा विधायक जनार्दन यादव ने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार चरम पर है। थाना हो, प्रखंड कार्यालय या अन्य सरकारी विभाग, बिना रिश्वत कोई काम नहीं हो रहा। वर्तमान भाजपा विधायक जनता की सेवा में सक्षम नहीं हैं और कार्यालयों में कामकाज ठीक से नहीं हो रहा।
यह भी पढ़ें- ‘मेरी हत्या का षड्यंत्र रचा जा रहा…’, सुरक्षा हटाने पर भड़क गए पप्पू यादव
जनार्दन यादव ने पार्टी द्वारा लगातार उपेक्षा पर भी नाराजगी जताई और कहा कि जिले के पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की कोई पूछ नहीं है। पूर्व विधायक होने के नाते क्षेत्र की जनता आज भी कई कार्यों से उनके पास पहुंचते हैं, लेकिन सरकारी कार्यालयों में बिना चढ़ावे के कोई कार्य नहीं होता। उन्होंने भाजपा संगठन में बाहरी तत्वों के घुसपैठ से पार्टी के मूल स्वरूप में बदलाव आने की बात कही।
बिहार के दो दिन के दौरे पर अमित शाह
बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत निर्वाचन आयोग की सक्रियता बढ़ने के साथ ही राजनीतिक दल भी अपनी चुनावी रणनीतियों को सशक्त बनाने में जुट गए हैं। गृह मंत्री अमित शाह दो दिनों के प्रवास पर शुक्रवार को बिहार पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह चार शहरों में एनडीए कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे और भाजपा पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों व विधान पार्षदों की बैठक लेंगे।
यह भी पढ़ें- एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन, बिहार विधानसभा चुनाव हर गुजरते दिन के साथ हो रहा रोचक