Ashok Chavan Devendra Fadnavis Meeting: हाल ही में गणेश उत्सव के अवसर पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की संभावना को लेकर अटकलें तेज थीं। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने इन अफवाहों का खंडन किया था। अशोक चव्हाण फिलहाल महाराष्ट्र के नांदेड़ में हैं और राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के स्वागत की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।

इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बातचीत के दौरान कहा कि चव्हाण पार्टी से नाराज नहीं हैं और वह वास्तव में नवंबर में महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत की तैयारियों का जायजा लेने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के उद्देश्य के बारे में लोगों को बताने के लिए माणिकराव ठाकरे जिला और तालुका स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक प्रशिक्षण शिविर का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने पिछले दो दिनों में नांदेड़, हिंगोली, वाशिम और बुलढाणा में बैठकें की हैं।

गणपति पर मिले थे दोनों नेता: दरअसल, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने हाल ही में मुलाकात की थी। दोनों ही नेता बीजेपी के रणनीतिकार आशीष कुलकर्णी के वर्ली स्थित आवास पर गणेश दर्शन के लिए गए थे। फडणवीस और चव्हाण दोनों 1 सितंबर 2022 को कुलकर्णी के घर एक ही समय पहुंचे थे।

अशोक चव्हाण ने दी थी सफाई: देवेंद्र फडणवीस और अशोक चव्हाण की इस मुलाक़ात के बाद उनके बीजेपी में जाने की अफवाहों को हवा मिल गई थी। हालांकि, दोनों वरिष्ठ नेताओं ने साफ कहा था कि यह गणेश उत्सव के दौरान एक शिष्टाचार यात्रा थी। इस मुलाकात को लेकर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था, “महाराष्ट्र में गणेश उत्सव के दौरान एक-दूसरे के घर जाने की परंपरा है। इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।” उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि वह कांग्रेस में हैं और पार्टी के भारत जोड़ो आंदोलन में भाग लेंगे।

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। राहुल गांधी ने 7 सितंबर को तमिलनाडु के श्रीपेरुमबुदुर से यात्रा की शुरुआत की थी। यह यात्रा 3,570 किमी की होगी। भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेसियों के साथ करीब 60 ट्रक भी चल रहे हैं। इन ट्रकों पर कंटेनर लगे हैं। इन्हीं कंटेनर्स में ‘यात्रियों’ के रहने का इंतजाम किया गया है।