Atiq Ahmed Family Members: अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई। उमेश पाल हत्याकांड मामले में अतीक के बेटे असद को यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर ने पहले ही ढेर कर दिया है। अतीक की पत्नी शाइस्ता पहले ही फरार चल रही है। वहीं अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा को भी पुलिस ने इस मामले में आरोपी बनाया है। अतीक की बहन आयशा नूरी और भांजी उनजिला नूरी पर भी पुलिस ने उमेश हत्याकांड के दोषियों को पनाह देने के मामले में केस दर्ज है। आइये जानते हैं कि अतीक-अशरफ के कुनबे में अब कौन-कौन बचा है।
शाइस्ता परवीन- शाइस्ता परवीन अतीक अहमद की पत्नी है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही यह फरार चल रही है। इस मामले में पुलिस ने उसे भी आरोपी बनाया है। इसके ऊपर 50 हजार का इनाम भी रखा गया है। बताया जा रहा है कि उमेश पाल की हत्या से पहले उसने शूटरों से मुलाकात की थी। अतीक से साथ शाइस्ता का निकाह 1996 में हुआ था। शाइस्ता के 5 बच्चे हैं।
मोहम्मद उमर – अतीक अहमद का सबसे बड़ा बेटा उमर है। बताया जाता है कि यह पढ़ाई में काफी अच्छा था। कानून की पढ़ाई करना चाहता था लेकिन देवरिया जेल कांड में इसका नाम सामने आ गया। इस पर 2 लाख का इनाम रखा गया। इसके बाद उसने सरेंडर कर दिया। कारोबारी मोहित जायसवाल का अपहरण मामले में सीबीआई ने इस पर धारा 147/149/329/364A/386/394/411/420/467/468/471/506/120B के तहत आरोप तय कर दिए हैं। इसके ऊपर दो मामले दर्ज है। फिलहाल यह जेल में बंद हैं।
मोहम्मद अली – अतीक का दूसरे नंबर का बेटा है मोहम्मद अली। अतीक और अशरफ के जेल जाने के बाद रंगदारी का काम यही संभाल रहा था। इस पर अपने ही एक रिश्तेदार से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा। पुलिस ने जब मामला दर्ज किया तो यह फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने इसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। इसके कोर्ट में सरेंडर कर दिया। फिलहाल इस पर 6 मामले दर्ज हैं और जेल में बंद है।
असद अहमद- उमेश पाल हत्याकांड में इसका नाम सामने आया था। इस पर 5 लाख रुपये का इनाम रखा गया। यूपी एसटीएफ ने इसे एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक असद ने लखनऊ के टॉप स्कूल से इसी साल बारहवीं पास की थी और विदेश जाकर पढ़ाई करना चाहता था। बताया जाता है कि उमेश पाल हत्याकांड की पूरी प्लानिंग इसी ने की थी। इसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हुई थीं।
दो नाबालिग बेटे – अतीक अहमद के दो बेटे अभी नाबालिग है। उमेश पाल हत्याकांड से बाद से यह बाल सुधार गृह में हैं। अजहम 10वीं का छात्र है जबकि आबान 8वीं का छात्र है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद घर से सभी लोग फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक दोनों लावारिस थे इसलिए इन्हें बाल सुधार गृह ले जाया गया।
आयशा नूरी – अतीक अहमद की बहन आयशा नूरी का नाम भी उमेश पाल हत्याकांड में सामने आया। इस पर उमेश पाल के हत्यारों को शरण दने और आर्थिक मदद का आरोप लगा। आयशा के पति अख़लाक को हत्या के आरोपियों मदद करने के आरोप में गिरफ़्तार कर चुकी है।
जैनब फातिमा – जैनब फातिमा अतीक अहमद के भाई अशरफ की पत्नी है। पुलिस ने इसे भी उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी बनाया है। इसके ऊपर भी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। राहत के लिए हाईकोर्ट भी पहुंची लेकिन उसे वहां से कोई राहत नहीं मिली। फिलहाल यह भी फरार बताई जा रही है।