उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में अभी एक साल का समय बाकी है। हालांकि, पश्चिम बंगाल, केरल समेत चार राज्यों के चुनाव के मद्देनजर ओपिनियन पोल्स में अभी से भाजपा के यूपी में सत्ता में लौटने की संभावनाओं को परखा जाने लगा है। एबीपी न्यूज-सी वोटर के ऐसे ही एक हालिया ओपिनियन पोल में राज्य की जनता ने राय दी है। इसमें सामने आया है कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा का परचम लहरा सकता है। आंकड़ों के अनुसार भाजपा 2022 के में फिर सत्ता में वापसी करेगी।

ओपिनियन पोल की मानें, तो अगर यूपी में अभी चुनाव होते हैं तो भाजपा को 41 फीसदी वोट मिलेंगे। वहीं अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (सपा) को 24 फीसदी वोट, और मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 21 फीसदी वोट मिल सकते हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस का प्रदर्शन इन चुनावों में भी कुछ खास अच्छा नहीं दिख रहा और पार्टी को 6 फीसदी वोट शेयर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा अन्य पार्टियों को 8 फीसदी वोट मिल सकते हैं।

क्या रहेगा सीटों का आंकड़ा?: एबीपी-सी वोटर के सर्वे को सीटों के हिसाब से तब्दील करें, तो भाजपा को अभी 284-294 सीटें, सपा को 54-64 सीटें और बसपा को 33-43 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की यूपी में जी-तोड़ मेहनत और भागदौड़ करने के बावजूद उनकी पार्टी को चुनाव में 1 से 7 सीटों के बीच मिल सकती हैं। वहीं अन्य पार्टियों को 10 से 16 सीट मिलने का अनुमान है।

बताया गया है कि इस सर्वे यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर 15 हजार 747 लोगों से बात की गई है। सर्वे के मुताबिक, अभी चुनाव हुए तो यूपी में बीजेपी की सरकार बनी नजर आ रही है। बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 403 सीटों वाली विधानसभा में 312 सीटें मिली थीं। इसके अलावा सपा को 47 सीटें प्राप्त हुई थीं, जबकि बसपा को 19 सीटें मिली थीं। दूसरी तरफ कांग्रेस को सात सीटों पर जीत मिली थी।