Aam Aadmi Party: आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष पद को छोड़कर गोवा इकाई की कार्यकारिणी समिति को भंग कर दिया है। पार्टी के इस कदम का उद्देश्य 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले तटीय राज्य में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में सुधार और पुनर्गठन करना है।
पार्टी ने ट्विटर पर प्रेस रिलीज में कहा, “पार्टी गोवा राज्य में वर्तमान संगठन को तत्काल प्रभाव से भंग करती है। अमित पालेकर प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम करना जारी रखेंगे। नए संगठनात्मक ढांचे की घोषणा जल्द की जाएगी।’
आप’ की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य पार्टी की राज्य इकाई में सुधार करना है। पालेकर ने कहा कि ‘आप’ के राष्ट्रीय महासचिव डॉ संदीप पाठक ने कार्यकारिणी समिति को भंग करने के आदेश जारी किए हैं। हालांकि, वह अपने पद पर बने हुए हैं।
AAP गोवा के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली का किया था दौरा
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के राज्य के नेताओं ने हाल ही में दिल्ली का दौरा किया था। इस दौरान राज्य पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ केजरीवाल ने चर्चा की थी। उसके कुछ दिन बाद ही आम आदमी पार्टी ने गोवा इकाई को भंग कर दिया। पार्टी ने कहा है कि वह अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में तटीय राज्य की दोनों सीट पर चुनाव लड़ेगी।
2022 में AAP ने दो सीटों पर जीत हासिल की थी
2017 में गोवा में एक भी सीट जीतने में नाकाम रहने वाली पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत के साथ एंट्री की थी। पार्टी ने दक्षिण गोवा में दो सीटें – वेलिम और बेनौलिम जीतीं थी। बेनौलिम में आप उम्मीदवार वेंजी विगास ने पूर्व मुख्यमंत्री चर्चिल अलेमाओ को हराया था, जिन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के टिकट पर चुनाव लड़ा था। वेलिम में आप के क्रूज सिल्वा ने कांग्रेस के सावियो डी सिल्वा को हराया था।
गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “सभी इकाइयों को भंग कर दिया गया है। पार्टी में फिर से सुधार किया जाएगा। हम जमीनी स्तर पर पार्टी की उपस्थिति को मजबूत करना चाहते हैं और पार्टी विस्तार पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। हम पार्टी में गंभीरता चाहते हैं। पिछले चुनाव के बाद कई नेताओं को नियुक्त किया गया था। हम कोई हीलाहवाली नहीं चाहते हैं, इसलिए पार्टी में पुनर्गठन किया जाएगा और जल्द ही नई इकाई की घोषणा की जाएगी।