Bangladeshi Illegal Immigrants: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस का एक्शन जारी है। इसे बीच, दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के रिठाला विधायक मोहिंदर सिंह और उनके कर्मचारियों को नोटिस भेजा है, क्योंकि कथित तौर पर उनके साइन अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों से बरामद डॉक्यूमेंट्स पर पाए गए थे। इस बात की जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को दी है। आम आदमी पार्टी ने इस नोटिस के जवाब में भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। आप ने कहा कि बीजेपी केवल नकारात्मक राजनीति करती है। झूठे मामले दर्ज करती है और विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करती है।
नोटिस के बारे में जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमने उन्हें (मोहिंदर सिंह) और उनके कर्मचारियों को आज नोटिस भेजा है और उनसे जांच में शामिल होने को कहा है। उन्हें शनिवार शाम 5.30 बजे पूछताछ के लिए आना था, लेकिन वे नहीं आए। हम फिर से नोटिस भेजेंगे। अधिकारियों के अनुसार, 24 दिसंबर, 2024 को कथित अवैध प्रवासियों पर बड़ी कार्रवाई के दौरान ये दस्तावेज जब्त किए गए थे, जिसके कारण 12 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।
विधायक के साइन वाले डॉक्यूमेंट्स पाए गए- डीसीपी
इससे पहले, डीसीपी अंकित चौहान ने कहा था कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से पांच बांग्लादेशी नागरिक हैं और बाकी कथित तौर पर अवैध आव्रजन प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए वोटर आईडी कार्ड और आधार कार्ड जैसे फर्जी डॉक्यूमेंट्स बनाने में शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि फर्जी दस्तावेजों का इंतजाम करने वाले प्रमुख आरोपियों में से एक के पास विधायक मोहिंदर सिंह के कई साइन वाले आधार दस्तावेज पाए गए। अब तक, यह संदेह है कि विधायक के कर्मचारी इन दस्तावेजों को जारी करने में शामिल थे। ऐसा इस वजह से क्योंकि सभी डॉक्यूमेंट्स पर साइन थोड़े अलग थे।
चुनाव आयोग को अरविंद केजरीवाल की चिट्ठी
फर्जी वेबसाइट का इस्तेमाल किया- डीसीपी
डीसीपी ने कहा कि जांच से पता चला है कि आरोपियों ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए एक फर्जी वेबसाइट का इस्तेमाल किया, जिसका इस्तेमाल आधार कार्ड हासिल करने के लिए किया गया। दस्तावेजों को ऑपरेटरों के एक नेटवर्क के माध्यम से एडिट किया गया था। इसमें रोहिणी में एक कंप्यूटर केंद्र चलाने वाला एक व्यक्ति और रोहिणी में कर्नाटक बैंक में अधिकृत आधार ऑपरेटर के साथ काम करने वाला एक व्यक्ति शामिल था।
आम आदमी पार्टी ने दी प्रतिक्रिया
आरोपियों के पास बांग्लादेशी पहचान पत्र और जन्म प्रमाण पत्र पाए गए। पुलिस ने कहा कि आरोपी के घर से 21 आधार कार्ड, चार मतदाता पहचान पत्र और आठ पैन कार्ड भी बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि चार मतदाता पहचान पत्रों में से एक उत्तर प्रदेश के बरेली में एक बांग्लादेशी नागरिक महिला का था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी ने एक बयान में कहा कि यह बीजेपी की एसओपी बन गई है। चुनाव नजदीक आते ही विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल करना, लोकतांत्रिक मानदंडों को कमजोर करना। दिल्ली BJP की दूसरी लिस्ट में 29 नाम पढ़ें पूरी खबर…