आम आदमी पार्टी के हरिनगर के विधायक जगदीप सिंह को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि रात में उन्हें जमानत दे दी गई। जगदीप का इसी हफ्ते निगम के एक ठेकेदार से विवाद हुआ था। ठेकेदार ने आरोप लगाया था कि विधायक ने उनके ट्रक को बिना वजह रोका, उनके साथ मारपीट की और धमकी भी दी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मुख्यमंत्री से आरोपी विधायक को बर्खास्त करने की मांग की है।

दिल्ली पुलिस के उपायुक्त सह प्रवक्ता राजन भगत ने बताया कि शिकायत के बाद शुरुआती जांच की गई और आइपीसी की धारा 323, 341 और 506 के तहत विधायक को रविवार को हरिनगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जमानती धारा होने के कारण बाद में उन्हें जमानत दे दी गई।

उधर प्रदेश भाजपा ने कहा है कि पहले पूर्व कानून मंत्री, फिर अन्य विधायकों के बाद अब विधानसभा में मुख्य सचेतक की गिरफ्तारी से आप की पोल धीरे-धीरे खुल रही है। सफाई कर्मचारियों ने जगदीप सिंह पर मारपीट और काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री को तुरंत उन्हें निलंबित करना चाहिए।