AAP Councillor Kidnapping Case: आम आदमी पार्टी के पार्षद रामचंद्र ने आज कुछ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि चार-पांच लोग उनके घर पर आए और उन्हें बुलाया। उसके बाद में वह भारतीय जनता पार्टी के ऑफिस ले गए। वहां पर ले जाकर कहा कि इस तरह से करोगे तो सही नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईडी और सीबीआई को जानते हो।
आम आदमी पार्टी के पार्षद रामचंद्र बीते रविवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। उनके साथ चार और नेता भी शामिल हो गए थे। हालांकि, कुछ दिनों के बाद वह वापस आप में लौटकर आ गए थे। उन्होंने पार्टी में वापस आकर कहा था कि उनके सपने में सीएम अरविंद केजरीवाल आए थे और इसी के बाद में उनका मन बदल गया।
रामचंद्र ने वीडियो जारी कर किया दावा
रामचंद्र ने वीडियो जारी कर दावा किया और कहा कि मेरे घर पर पांच से छह लोग आए और उन्होंने मुझे अपनी गाड़ी में बैठाकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय लेकर गए। वहां पर यह बात आई कि आप इस तरह से करोगे तो ठीक नहीं होगा। ईडी और सीबीआई को जानते हो। तो इस तरह धमकी दी। उन्होंने यह भी कहा कि आपका बहुत ही गलत हो जाएगा। मेरे बेटे ने जैसे ही 100 नंबर पर कॉल किया तो पुलिस आ गई। आप के बड़े-बड़े नेताओं ने पुलिस कमिश्नर को फोन किया तो उसके बाद किसी के साथ मुझे मेरे घर पर छुड़वा दिया। रामचंद्र ने कहा कि मैं सीबीआई और ईडी से नहीं डरता हूं। मैं गलत करने वाला व्यक्ति नहीं हूं। रामचंद्र ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल का एक सच्चा सिपाही हूं।
बीजेपी ने आरोपों को बताया आप का सर्कस
पार्टी नेता राम चंद्र के बारे में AAP के आरोपों पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि उन्होंने (राम चंद्र) कहा है कि कुछ लोग आए थे, लेकिन उन्हें नाम नहीं पता। वे उन्हें किस कार्यालय में ले गए, यह नहीं पता और उन्हें यह भी नहीं पता कि उन्हें वापस कौन छोड़कर गया। रामचंद्र यह भी कह रहे हैं कि उन्होंने 100 नंबर पर पुलिस को फोन किया और पुलिस ने उन्हें छुड़ाया।
सचदेवा ने सवाल करते हुए कहा कि पुलिस उनको छुड़वाने के लिए कहां पर आई थी। आम आदमी पार्टी के नेता सुबह से सर्कस चला रहे हैं। दिल्ली में CCTV का मजबूत नेटवर्क है। मैं दिल्ली पुलिस से मांग करता हूं कि राम चंद्र से सवाल किया जाए कि वह किसके कहने पर ऐसी कहानी गढ़ रहे हैं। उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाना चाहिए।
