जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना ने कहा कि आम आदमी पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और पार्टी के नेताओं ने चुनावी अभियान भी शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लोकसभा चुनाव में भी एक सीट पर चुनाव लड़ा था, हालांकि पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन नहीं हुआ है।
आम आदमी पार्टी का क्या प्लान है?
आप नेता आतिशी मार्लेना ने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और लगातार जनसभाएं कर रही है बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
आतिशी मार्लेना ने कहा, “अरविंद केजरीवाल जी हरियाणा के बेटे हैं, इसलिए हरियाणा के लोगों का उनसे भावनात्मक लगाव है। आप हरियाणा में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और जीतेगी। गठबंधन होगा या नहीं, यह अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद तय होगा। हम राज्य में चुनावों के लिए हर योजना बना रहे हैं। हमें खुशी है कि 10 साल बाद (विधानसभा) चुनाव जम्मू-कश्मीर में होंगे।
आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव?
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में सरकारें बनाई हैं, इन दोनों राज्यों के बाद पार्टी की मजबूत पकड़ हरियाणा में ही है। अब आम आदमी पार्टी हरियाणा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी या कुछ सीटों पर चुनाव लड़ेगी यह तय नहीं हुआ है। हालांकि कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं होने को लेकर पार्टी के नेताओं के बयान सामने आते रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि इंडिया गठबंधन के तहत दोनों पार्टियों का गठबंधन लोकसभा चुनाव तक ही था, अब विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतर सकते हैं। फिलहाल आम आदमी पार्टी की ओर से स्पष्ट तौर पर गठबंधन को लेकर कुछ भी नहीं कहा गया है।
