Aam Aadmi Party: अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी इस वक्त संकट के दौर से गुजर रही है। क्योंकि उसके दो प्रमुख नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन सलाखों के पीछे हैं। जबकि गुजरात पुलिस ने अभी हाल ही में उसके एक नेता को परीक्षा में डमी उम्मीदावार बैठाने के एवज में 1 करोड़ रिश्वत मामले में गिरप्तार किया था। इसी बीच अब हरियाणा में आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है, क्योंकि उन्हीं की पार्टी (AAP) की नेता निशा गर्ग ने केजरीवाल की पार्टी को अलविदा कह दिया है और जननायक जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।

हरियाणा में 46 नगर निकायों पर हुआ था चुनाव

जून 2022 में हरियाणा के 46 नगर निकायों पर चुनाव हुआ था। जिसमें आम आदमी पार्टी ने निकाय चुनाव में केवल एक सीट पर जीत दर्ज की थी। जो उसने कैथल के इस्माइलाबाद कस्बे से नगरपालिका कमेटी के अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी, लेकिन आम आदमी पार्टी की इस सीट पर एक साल से भी कम वक्त में ग्रहण लग गया।

आप नेता निशा गर्ग जेजेपी में शामिल

इस्माइलाबाद नगरपालिका कमेटी की अध्यक्ष निशा गर्ग शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी में शामिल हो गईं। दुष्यंत ने निशा और उनके पति पुनीत को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर पार्टी में शामिल कराया, लेकिन आम आदमी पार्टी ने अब तक इस मामले पर अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

कांग्रेस के दूर रहने के साथ ही आम आदमी पार्टी ने 2022 में अपने पहले निकाय चुनावों में एक बड़ा जोर लगाने की कोशिश की थी। तब आप ने इस्माइलाबाद नगरपालिका कमेटी का चुनाव जीता था और 100 से कम मतों के अंतर से घरौंदा, पिहोवा और कुंडली का चुनाव हार गई थी।

भाजपा ने 46 में से 22 पर जीत दर्ज की

भाजपा और सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने 46 नगर निकाय चुनाव में 25 पर जीत दर्ज की थी। जबकि 22 सीटों पर अकेले बीजेपी ने जीत हासिल की थी। जबकि कांग्रेस ने पार्टी सिंबल पर अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था, लेकिन उसके बावजूद कांग्रेस ने दावा किया था कि जो 19 निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं। उनको पार्टी का समर्थन प्राप्त था। जबकि एक सीट ओम प्रकाश चौटाला के नेतृत्व वाली इनेलो ने जीती थी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चुनाव जीतने वाले सभी भाजपा उम्मीदवारों को बधाई दी थी। खट्टर ने उस वक्त ट्वीट करते हुए लिखा था, “स्थानीय निकाय चुनाव में जीत हासिल करने वाले भारतीय जनता पार्टी के सभी उम्मीदवारों को बहुत-बहुत बधाई। आपकी यह जीत जनता के उस भरोसे की जीत है जो वह 2014 और 2019 से लगातार भाजपा के प्रति दिखा रही है। यह जीत पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं को समर्पित है।