यूपी के कई जिलों में बलात्कार की विभिन्न घटनाओं पर स्मृति ईरानी की कथित चुप्पी पर कांग्रेस ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री पर निशाना साधा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा नेत्री अतांक्षरी खेल सकती हैं मगर हाथरस, उन्नाव और बाराबंकी पर एक शब्द तक नहीं बोलतीं। टीवी चैनल आजतक के डिबेट शो ‘दंगल’ में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत कहा कि उनका वजूद खतरे में है।
टीवी एंकर के पूछने पर कि लोकतंत्र खतरे में है या कांग्रेस? श्रीनेत ने कहा, ‘मुझे लगता है कि स्मृति ईरानी का वजूद खतरे में है। मैं उनसे निराश हूं। वो नारी सुरक्षा की बात करती थीं, सड़कों पर उतर जाती थीं। महिलाओं के लिए आवाज उठाती थीं। मगर सत्ता में आने के बाद से उनका ह्रदय परिवर्तन हो गया है। उन्हें महिला सुरक्षा के मामले और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध दिखाई ही नहीं देते।’
Bihar Election 2020 LIVE News Updates
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि स्मृति ईरानी सिर्फ यूपी की सांसद होने की उत्तरदायी नहीं हैं। वो महिला और बाल विकास कल्याण मंत्री भी हैं। वो अतांक्षरी खेल सकती हैं मगर हाथरस, उन्नाव, शाहजहांपुर और बाराबंकी पर एक शब्द नहीं बोलती। इधर स्मृति ईरानी पर सुप्रिया श्रीनेत की टिप्पणी पर डिबेट में मौजूद भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी को निशाने पर ले लिया और अमेठी से उनकी हार को याद दिलाया।
स्मृति ईरानी अतांक्षरी खेल सकती हैं लेकिन हाथरस, उन्नाव, बाराबंकी पर एक शब्द नहीं बोलती हैं : @SupriyaShrinate
Live: https://t.co/fOz5QPkk43 #Dangal @sardanarohit pic.twitter.com/xMqNXbuwOZ— AajTak (@aajtak) October 19, 2020
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत का मानना है कि स्मृति ईरानी का वजूद खतरे में है। कम से कम कांग्रेस प्रवक्ताओं और कांग्रेस पार्टी को उनके बारे में ऐसा कहना ही नहीं चाहिए। उनके (कांग्रेस) राजकुमार को उनके ही घर अमेठी चुनाव से क्षेत्र से हराने वाली स्मृति ईरानी हैं। वो शेरनी हैं।’
.@SupriyaShrinate ने कहा, स्मृति ईरानी का वजूद खतरे में है तो @sambitswaraj ने दिया ये जवाब #Dangal pic.twitter.com/s4uygOvk98
— AajTak (@aajtak) October 19, 2020
बता दें कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी मंगलवार को अमेठी और रायबरेली के एक दिवसीय दौरे पर आएंगी। केंद्रीय मंत्री और अमेठी से लोकसभा सदस्य ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि ईरानी 20 अक्टूबर को सुबह सात बजे दिल्ली से हवाई मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगी। लखनऊ से वह सड़क मार्ग से सीधे रायबरेली की सलोन तहसील पहुंचेंगी।
गुप्ता ने बताया कि ईरानी सलोन में उपजिलाधिकारी कार्यालय में सुबह दस से 11 बजे तक विधानसभा क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। इसके बाद वह अमेठी जिला मुख्यालय के लिए रवाना होंगी।
गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय मंत्री दोपहर एक बजे अमेठी कलेक्ट्रेट पहुंचेंगी और कोविड-19 से संबंधित प्रस्तुतिकरण देखने के बाद विभिन्न विकास परियोजनाओं का डिजिटल लोकार्पण करेंगी। इसके बाद वह कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगी और जिले के पांच ग्राम प्रधानों से बातचीत करेंगी। गुप्ता ने बताया कि ईरानी अपराह्न चार बजे लखनऊ हवाईअड्डे के लिए रवाना होंगी और वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। (एजेंसी इनपुट)

