मॉनसून सीजन को देखते हुए कानपुर में इन दिनों नगर निगम नालों की सफाई करा रहा है। इसी सफाई अभियान के दौरान गुरुवार (9 मई) को एक नाले से पांच-पांच सौ के नोटों की गड्डियां निकलीं। इसके बावजूद किसी ने उन गड्डियों को लपकने की कोशिश नहीं की। यहां तक कि सफाई कर्मचारियों ने भी उन गड्डियों को सड़क पर पटक दिया। दरअसल, ये सभी गड्डियां 500 के पुराने नोटों की थीं। हालांकि, इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुराने नोट देखकर रह गए हैरानः जानकारी के मुताबिक, गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित नटराज टॉकीज के पास नगर निगम के जोन-5 में नाले की सफाई कराई जा रही थी। इस दौरान सफाई कर्मचारियों को नाले से प्लास्टिक का एक लिफाफा मिला। जब कर्मचारियों ने लिफाफा खोला तो उसमें से पांच-पांच सौ के पुराने नोटों की कई गड्डियां थीं। यह देखकर पहले तो लोग हैरान रह गए। वहीं, मौके पर लोगों का हुजूम जुटने लगा। हालांकि, कुछ समय बाद राहगीरों को नोटों के महत्व का एहसास हुआ तो वे आगे बढ़ गए।
National Hindi News, 10 May 2019 LIVE Updates: दिनभर की बड़ी खबरों के लिए क्लिक करें
निशानी के तौर पर कुछ नोट ले गए: सफाई कर्मचारियों ने जब पुराने नोटों की गिनती की तो वे लगभग 3 लाख रुपए निकले। कर्मचारियों ने इन नोटों को धूप में रखकर सुखाया। इस बीच कुछ राहगीर इन पुराने नोटों को निशानी के रूप में रखने के लिए अपने साथ ले गए।
पुलिस के पास नहीं सूचनाः इस सिलसिले में जब गोविंद नगर इंस्पेक्टर संजीव कांत मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुराने नोटों की गड्डियां मिलने के संबंध में पुलिस के पास कोई सूचना नहीं आई है। यदि सोशल मीडिया पर इस घटना के फोटो वायरल हो रहे हैं तो हकीकत जानने के लिए जानकारी जुटाई जाएगी।