उत्तर प्रदेश के बागपत में डबल मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें 4 भाईयों ने इज्जत की खातिर अपनी शादीशुदा बहन और उसके प्रेमी को जान से मार दिया। हत्या के बाद मंगलवार (08 नवंबर, 2022) को देर रात एक भाई ने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने अभी तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और बाकियों की तलाश में पुलिस जुटी है।

4 भाईयों में से एक 32 वर्षीय मुरसलीन ने कल रात 11 बजे रमाला पुलिस के सामने सरेंडर किया और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने एक और आरोपी 28 वर्षीय शहनवाज को भी हिरासत में ले लिया है, बाकी आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मुरसलीन ने बताया कि उसने तीन भाईयों के साथ मिलकर अपनी 27 वर्षीय बहन महजबीन और उसके बॉयफ्रेंड आरिफ की हत्या कर दी। महजबीन शादीशुदा थी और उसके तीन बच्चे हैं। इसके बावजूद वह आरिफ के साथ संबंध में थी, जिस कारण भाईयों ने गुस्से में यह कदम उठाया। महजबीन और उसका बॉयफ्रेंड घर से भाग गए थे, और घर वाले एवं पुलिस उन्हें ढूंढने में लगी थी।

मेरठ से घर वापस लाकर कर दी दोनों की हत्या

पुलिस ने बताया कि महजबीन और आरिफ 20 अक्टूबर को असरा गांव से भाग गए थे और तभी से उनके परिवार के लोग पुलिस के साथ उनकी तलाश कर रहे था। उन्होंने कहा कि मंगलवार को मुरसलीन के एक दोस्त ने दोनों को मेरठ में देखा और उनका पीछा करके उनके ठिकाने का पता लगाया। इसके बाद उसने इस बात की जानकारी अपने दोस्त मुरसलीन को दी। सूचना मिलने के बाद चारोंभाई वहां पहुंचे और दोनों को बंधक बना लिया। इसके बाद वह उन दोनों को घर वापस लाए और मिलकर दोंनों की हत्या कर दी।

7 साल थे रिलेशनशिप में

महजबीन और आरिफ असरा गांव में रहते थे। महजबीन की शादी शामली में हुई थी, इसके बाद भी 7 साल से ये दोनों रिलेशनशिप में थे। रमाला पुलिस अधिकारियों ने देर रात तलाशी अभियान में आसरा और लुंब गांवों के पास के जंगलों से दोनों के शव बरामद किए हैं। बागपत जिले के एसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि अब तक दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य दो को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

यह घटना उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक 19 वर्षीय युवक की कथित तौर पर उसकी लड़की मित्र के रिश्तेदारों द्वारा पीट-पीटकर मार दिए जाने के लगभग एक सप्ताह बाद आई है। इस घटना में लड़की ने बाद में सुसाइड कर लिया था। 19 वर्षीय जिया-उर-रहमान की कथित तौर पर उसकी लड़की मित्र तनु सैनी के परिवार के सदस्यों ने 1 नवंबर की रात को उसके घर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद तनु की आत्महत्या से मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं की है।