वल्लभ ओज़रकर

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने रविवार को दावा किया कि पार्टी के 40 बागी विधायकों में से 22 जल्द ही बीजेपी में शामिल हो जाएंगे। इसके साथ ही शिवसेना के मुखपत्र सामना में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तारीफ भी की गई और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा गया। वहीं सामना के साप्ताहिक कॉलम में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर भी निशाना साधा गया।

सामना के साप्ताहिक कॉलम में भगत सिंह कोश्यारी पर आरोप लगाया गया कि जब महाराष्ट्र में सूखा आया, इस दौरान राज्यपाल ने कोई काम नहीं किया। इसके साथ ही शिवसेना ने दावा किया कि एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री के रूप में भाजपा द्वारा की गई एक अस्थाई व्यवस्था हैं और जल्द ही उन्हें बदल दिया जाएगा। सामना में रोकठोक कॉलम में दावा किया गया कि अब सभी समझ गए हैं कि उनकी (शिंदे) मुख्यमंत्री की वर्दी कभी भी उतार दी जाएगी।

सामना में एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए लिखा गया, “शिंदे गुट का महाराष्ट्र की ग्राम पंचायत और सरपंच चुनाव में सफलता का दावा झूठा है। शिंदे समूह के कम से कम 22 विधायक नाराज हैं। यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि इन विधायकों में से अधिकांश भाजपा में चले जाएंगे।” कॉलम में आगे कहा गया है कि एकनाथ शिंदे के कार्यों से महाराष्ट्र को बहुत नुकसान हुआ है और राज्य उन्हें माफ नहीं करेगा और भाजपा शिंदे को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करती रहेगी।

कॉलम में आगे कहा गया है, “शिंदे का महाराष्ट्र के सीएम के रूप में विकास में योगदान दिखाई नहीं दे रहा है। देवेंद्र फडणवीस हर जगह नजर आते हैं। शिंदे का दिल्ली में कोई प्रभाव नहीं है। फडणवीस मंगलवार को दिल्ली गए और मुंबई को स्लम से बाहर निकालने की महत्वाकांक्षी रणनीति के तहत धारावी पुनर्विकास परियोजना के लिए महाराष्ट्र सरकार के लिए रेलवे की जमीन के लिए रेल मंत्रालय से मंजूरी ले आएं।”

सामना में देवेंद्र फडणवीस की तारीफ भी की गई। इसमें लिखा गया, “धारावी के पुनर्विकास का पूरा श्रेय फडणवीस को जाता है। राज्य के मुख्यमंत्री इस महत्वपूर्ण परियोजना की घोषणा में कहीं नहीं हैं।” बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने 30 जून 2022 तक राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर आंदोलन से संबंधित सभी आपराधिक केसों को वापस लेने का फैसला किया है। 

इस बीच ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण सहित कांग्रेस के कुछ विधायकों के भाजपा में शामिल होने की संभावना है। हालांकि जब कांग्रेस से पूछा गया तो उन्होंने इसका खंडन करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक निराधार अफवाह है।