उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार (आठ जून, 2022) को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 21 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल कर दिया। इनमें सूबे की राजधानी लखनऊ, गोरखपुर और कानपुर नगर समेत नौ जिलों में नए जिलाधिकारियों (डीएम) की तैनाती की गई है। साथ ही बरेली मंडल में नए आयुक्त की तैनाती की गई।
शासन से मंगलवार शाम मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर नगर, बलिया, अलीगढ़, बस्ती, जालौन, इटावा और फिरोजाबाद जिले में नए जिलाधिकारी और बरेली मंडल में नए मंडलायुक्त की तैनाती की गई है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष कृष्णा करुणेश को गोरखपुर के जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद के जिलाधिकारी को जीडीए का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
गोरखपुर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला है और वह वहां की प्रसिद्ध गोरक्षपीठ के महंत भी हैं। फिरोजाबाद के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार को जिलाधिकारी लखनऊ के पद पर स्थानांतरित किया गया है। मुख्यमंत्री की विशेष सचिव विशाख जी कानपुर नगर के नए डीएम होंगे। अलीगढ़ की जिलाधिकारी सेल्वां कुमारी जे को बरेली मंडल का आयुक्त बनाया गया है।
बस्ती की जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल का जिलाधिकारी बलिया के पद पर तबादला किया गया है, जबकि बलिया के जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह को अलीगढ़ का जिलाधिकारी नियुक्ति किया गया है। वहीं, जालौन की जिलाधिकारी प्रियंका रंजन को बस्ती की जिलाधिकारी के पद पर तैनाती दी गई है। प्रतीक्षारत चांदनी सिंह को जालौन का जिलाधिकारी बनाया गया है। झांसी नगर निगम के नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय का इटावा के जिलाधिकारी के पद पर तबादला किया गया है।
प्रयागराज नगर निगम के नगर आयुक्त रवि रंजन को फिरोजाबाद का डीएम बनाया गया है, जबकि इटावा की जिलाधिकारी श्रुति सिंह को चिकित्सा शिक्षा विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि कानपुर नगर की जिलाधिकारी नेहा शर्मा को स्थानीय निकाय विभाग में निदेशक के पद पर नियुक्ति किया गया है। बरेली के मंडलायुक्त आर रमेश कुमार को रेशम विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्ति किया गया है।
उधर, राजस्थान सरकार ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 12 अधिकारियों का मंगलवार को तबादला कर दिया। तबादले के बाद सना सिद्दीकी को राजस्थान वक्फ बोर्ड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद पर नियुक्त किया गया है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत, रामगंज मंडी के उपखंड अधिकारी विनोद कुमार मीणा को विज्ञान व प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जाहिदा खान के निजी सचिव पद पर नियुक्ति दी गई है।
जिन आरएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है, उनमें हनुमान सिंह राठौड़ और कमल सिंह यादव का नाम भी शामिल है। राज्य सरकार ने एक अन्य आदेश के तहत भारतीय वन सेवा के दो अधिकारियों के तबादले भी किए हैं।