2019 Lok Sabha Election के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी बनाई गईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की मदद के लिए कांग्रेस ने तीन लोगों को सचिव बनाया है। इन तीन नामों में जुबैर खान, कुमार आशीष और बाजीराव खाड़े शामिल हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार के दिन तीनों को AICC का सचिव नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि इनमें से कुमार आशीष का संबंध बिहार से है और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वे 2005 में इंटरमीडिएट परीक्षा का पेपर लीक करने के मामले में आरोपी रह चुके हैं।
कांग्रेस ने किया था निष्कासितः इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष रहे कुमार आशीष को 2005 में इंटरमीडिएट परीक्षा का पेपर कथित तौर पर लीक करने का आरोपी बनाया गया था, जिसके चलते कांग्रेस ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। गौरतलब है कि पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर बांकीपुर सीट से चुनाव भी लड़ा था लेकिन बीजेपी उम्मीदवार ने उन्हें हरा दिया।
Lok Sabha- प्रियंका के लिए परीक्षा से कम नहीं
लोकसभा सीटों की संख्या के लिहाज से 80 सीटों वाला यूपी देश का सबसे बड़ा राज्य है। इनमें से 42 सीटों की जिम्मेदारी पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी को सौंपी गई है। यह इलाका फिलहाल पूरी तरह से भगवामय हो चुका है। इसी क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ जैसे दिग्गजों के निर्वाचन क्षेत्र आते हैं। ऐसे में प्रियंका के सामने यह चुनौती किसी परीक्षा से कम नहीं है। ऐसे पेपर लीक केस के आरोपी रहे कांग्रेस नेता से उन्हें कितनी मदद मिल पाती है, यह बड़ा सवाल है। करीब 30 सालों तक राजनीति का हिस्सा होते हुए भी प्रियंका गांधी सक्रिय राजनीति में नहीं थीं।
