जलगांव नगर निगम से 14 भाजपा पार्षदों ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री एकनाथ खड़से के समर्थन में रविवार को इस्तीफा दे दिया। खड़से जलगांव जिले से हैं और उन्होंने 2014 महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मुक्तईनगर क्षेत्र से चुनाव जीता था। इन पार्षदों ने पार्टी की जलगांव नगर इकाई के अध्यक्ष और स्थानीय भाजपा विधायक सुरेश भोले को अपना इस्तीफा सौंपा। इसकी पुष्टि करते हुए भोले ने कहा कि सभी भाजपा पार्षदों ने उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया है। ये पार्षद, पार्टी की ओर से खड़से से महाराष्ट्र मंत्रिमंडल से इस्तीफा लेने पर नाखुश हैं।

भोले ने कहा कि ‘पार्टी के पार्षदों ने खड़से के प्रति अपना समर्थन जताया है। चूंकि आज रविवार है और सभी पार्टी कार्यालय बंद हैं, मैं (इस्तीफे) कल राज्य भाजपा नेतृत्व को फैक्स करूंगा।’ भोले को छोड़कर जलगांव से खड़से का कोई भी समर्थक मीडिया से बात करने का इच्छुक नहीं था। एक भूमि सौदे में अनियमितताओं सहित कई आरोपों का सामना कर रहे खड़से ने शनिवार को महाराष्ट्र सरकार के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया।