देश में कोरोना का प्रकोप धीरे-धीरे कम हो रहा है। इसी बीच महाराष्ट्र में एक बार फिर मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही है। पिछले एक हफ्ते से यहां नए मरीजों के मिलने की रफ्तार में 200% का इजाफा देखने को मिला है। 4 दिसंबर के बाद पहली बार गुरुवार को राज्य में 5 हज़ार से ज्यादा मामले सामने आए। एक तरफ जहां देश के अन्य हिस्सों में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार गिर रही है वहीं महाराष्ट्र में एक बार फिर इसका प्रकोप बढ़ता दिख रहा है।

गुरुवार को राज्य में रिकॉर्ड 5,427 नए मरीज मिले। राज्य में अब तक 20 लाख 81 हजार 520 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 19 लाख 87 हजार 804 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 51 हजार 669 मरीजों की मौत हो गई। 40 हजार 858 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। वहीं मुंबई में 736 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ शहर में संक्रमितों की कुल संख्या 3.16 लाख हो गई है। इनमें 6,201 एक्टिव केस हैं और अबतक 11,430 लोग अपनी जान गवां चुके है।

राज्य के हेल्थ मिनिस्टर समेत 3 मंत्री अबतक संक्रमित हो चुके हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे कोरोना पॉजिटिव हैं। ट्विटर के माध्यम से उन्होंने बताया कि उनका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है और वह डॉक्टर की सलाह ले रहे हैं। साथ ही कहा कि जो भी उनके संपर्क में आए हैं वो अपना कोरोना टेस्ट जरूर करा लें।

महाराष्ट्र कैबिनेट के जल संसाधन मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जयंत पाटील भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। जयंत पाटिल के अलावा फ़ूड एंड ड्रग्स डिपार्टमेंट के मंत्री राजेंद्र शिंगने भी कोरोना पॉज़िटिव हैं। बढ़ते कोरोना मामलों के के मद्देनजर अमरावती में हर शनिवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन रहेगा।

इसके अलावा अकोला में भी हर रविवार को लॉकडाउन रहेगा। वहीं, यवतमाल में भी पाबंदियों में बढ़ोतरी की गई है। यहां सभी स्कूल-कॉलेज 28 फरवरी तक बंद रखने का फैसला किया गया है। रेस्टोरेंट, फंक्शन हॉल में 50% लोग ही आ सकेंगे। किसी भी जगह 5 से ज्यादा लोगों के इकट्‌ठा होने पर प्रतिबंध रहेगा।

मुंबई में BMC ने नई गाइडलाइन जारी की। इसके मुताबिक, अगर किसी बिल्डिंग में 5 या उससे ज्यादा केस मिलते हैं, तो बिल्डिंग को सील कर दिया जाएगा। होम क्वारैंटाइन किए गए मरीज के हाथ के पीछे पर स्टाम्प लगाया जाएगा। लोकल ट्रेन में बिना फेस मास्क लगाए यात्रा करने वालों पर नजर रखने के लिए 300 मार्शल नियुक्त किए जाएंगे।