कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार रविवार सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल हुए और फिर कालभैरव मंदिर में पूजा-अर्चना की। शिवकुमार ने कहा कि हिंदुत्व, मंदिर और देवता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निजी संपत्ति नहीं हैं। उन्होंने साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत की भविष्यवाणी की।
शिवकुमार ने कहा कि मध्य प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस की रणनीति तैयार है, लेकिन उन्होंने विवरण देने से इनकार कर दिया। समझा जाता है कि वे मध्य प्रदेश कांग्रेस के लिए आगामी चुनाव में वे मुख्य रणनीतिकार होंगे। 61 वर्षीय शिवकुमार भस्म आरती में हिस्सा लेने के लिए सुबह चार बजे से पहले महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और नंदी हाल में कुछ देर ध्यान भी किया। मंदिर जाने के बारे में पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा, ‘हिंदुत्व, मंदिर या देवता किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं। वे सभी के लिए हैं। हम समाज के हर वर्ग, हर संस्कृति, देश की हर भाषा और हर धर्म में विश्वास करते हैं।’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘यह तीसरी या चौथी बार है, जब वे महाकालेश्वर मंदिर में आए हैं। मैं अपने कठिन समय के दौरान यहां आया था। कर्नाटक चुनाव से पहले मैंने सत्ता के लिए महाकालेश्वर और काल भैरव से प्रार्थना की थी। अब हमें (कर्नाटक में) सत्ता मिल गई है।’ शिवकुमार ने भरोसा जताया कि कांग्रेस को 230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधानसभा में उनकी पार्टी द्वारा कर्नाटक में जीती गई 135 सीटों की तुलना में अधिक सीटें मिलेंगी।
मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों पर उन्होंने शनिवार को इंदौर में कहा था कि कहा,‘राज्य के लोगों ने सत्ता में बदलाव का निर्णय करते हुए पूर्ण और स्पष्ट बहुमत की सरकार चुनने का मन बना लिया है। शिव कुमार ने मध्य प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की जनता ने डबल इंजन की सरकार एवं आपरेशन लोटस से बनी सरकार देख ली है और यह सरकार नाकाम रही है।
शिव कुमार ने शनिवार को इंदौर/दतिया में कहा था कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ‘ध्रुवीकरण वाले मसलों’ में नहीं पड़ना चाहती और वह यह अध्याय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए छोड़ती है। मध्य प्रदेश की दो दिवसीय यात्रा पर आए शिव कुमार ने इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा,‘देखिए, हम भावनात्मक मुद्दों पर चर्चा न करें। हम केवल विकास के मुद्दों पर चर्चा करें। भावनात्मक मुद्दों का कोई मूल्य नहीं है।’
इससे पहले शिवकुमार ने मध्यप्रदेश के दतिया जिले में स्थित प्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ में पूजा अर्चना की थी। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री से इंदौर हवाई अड्डे पर जब पूछा गया कि क्या राज्य की कांग्रेस सरकार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डा केशव बलिराम हेडगेवार से जुड़े अध्यायों को स्कूली पाठ्यक्रम से हटाने जा रही है? शिव कुमार ने कहा,‘भारत विविधताओं से भरा देश है। हम ध्रुवीकरण वाले मसलों में नहीं पड़ना चाहते। हम यह अध्याय भाजपा के लिए छोड़ते हैं।’
यह पूछे जाने पर कि क्या कर्नाटक में पिछली भाजपा सरकार द्वारा संघ या उससे जुड़े संगठनों को कथित रूप से सौंपी गई जमीन को वापस लेने पर विचार किया जा रहा है, तो उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सभी विषय राज्य में संबंधित विभाग के मंत्री द्वारा देखे जाते हैं।