-
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को एकदिनी शृंखला के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को क्रिकेट का ककहरा सिखाते हुए 214 रन से हराया। भारत के लिए इस मैच में कुछ भी अच्छा नहीं रहा। पहले गेंदबाजों ने शार्ट पिच गेंदों पर रन चुटाए और क्षेत्ररक्षकों ने उदारता से कैच टपकाए। नतीजे में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने 50 ओवरों में महज चार विकेट के स्कोर पर 438 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर डाला। (फोटो: रॉयटर्स)
क्विंटन डि काक ने 109 रन की पारी खेली तो फाफ डु प्लेसिस ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 133 रन बनाए। पर अभी असली कत्लेआम बाकी था। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एबी डिविलियर्स ने भारतीय गेंदबाजी की बखिया उधेड़ते हुए महज 61 गेंदों पर 11 छक्के जड़ते हुए 119 रन ठोक दिए। (फोटो: रॉयटर्स) -
आलम यह था कि आखिर के दस ओवरों में दक्षिण अफ्रीका ने 144 रन ठोक दिए। यह केवल दूसरा अवसर है जबकि वनडे में किसी एक पारी में तीन बल्लेबाजों ने शतक जमाए। पहली बार भी दक्षिण अफ्रीका ने इसी साल वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहानिसबर्ग में यह कारनामा किया था। (फोटो: केविन डी'सूजा)
भुवनेश्वर कुमार ने ऐसा रेकार्ड बनाया जिसे वे शायद ही याद रखना चाहें। उन्होंने अपने दस ओवर में एक विकेट के एवज में 106 रन लुटा दिए। भारत की तरफ से एक मैच में सर्वाधिक रन देने का यह नया रेकार्ड है। (फोटो: केविन डी'सूजा) -
रनों के पहाड़ के आगे दबाव में भारतीय बल्लेबाजी भहरा गई और पूरी टीम सिर्फ 35.5 ओवर में 224 रन पर सिमट गई। भारत ने अपने आखिरी आठ विकेट 13.2 ओवर और 68 रन के अंदर गंवाए। सिर्फ अजिंक्य रहाणे और शिखर धवन ही दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों का कुछ प्रतिरोध कर पाए जिन्होंने क्रम से 87 और 60 रन बनाए। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 27 रन बनाए। (फोटो: केविन डी'सूजा)
-
रनों के लिहाज से वनडे में भारत की यह अपनी धरती पर सबसे बड़ी और ओवरआल दूसरी बड़ी हार है। इससे पहले श्रीलंका ने 2000 में शारजाह में उसे 245 रन से हराया था। यह 2015 में तीसरा अवसर है जब दक्षिण अफ्रीका ने 200 रन से ज्यादा के अंतर से जीत दर्ज की। (फोटो: केविन डी'सूजा)
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पारी में कई रेकार्ड बनाकर अपनी जीत सुनिश्चित कर दी थी। उसने वनडे के इतिहास में 400 से अधिक का 17वां स्कोर और कुल तीसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। यह भारतीय सरजमीं पर सबसे बड़ा वनडे स्कोर है। इससे पहले भारत ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ 2011 में इंदौर में पांच विकेट पर 418 रन बनाए थे। (फोटो: केविन डी'सूजा)
