जनसत्ता.कॉम की ‘सही हिंदी’ मुहिम का उद्देश्य है हिंदी को उसके मानकों के अनुरूप लिखने और बोलने की आदत को प्रोत्साहित करना। इस शृंखला में हम हर कड़ी में एक शब्द को चुनते हैं और उसका सही अर्थ, व्याकरणिक स्वरूप और प्रयोग समझते हैं, ताकि पाठक न केवल उस शब्द का सही उपयोग कर सकें, बल्कि हिंदी की सुंदरता और शुद्धता को भी और गहराई से जान सकें।

आज का शब्द: निर्विकार

आज की कड़ी का शब्द ‘निर्विकार’ है। इसका विशेषण के रूप में प्रयोग होता है। यह शब्द सामान्य बातचीत में बहुत कम सुनाई देता है, लेकिन अपने भीतर गहरा अर्थ रखता है। ‘निर्विकार’ शब्द यह सिखाता है कि जीवन में संतुलन और स्थिरता बनाए रखना ही सच्ची शक्ति है।

शब्द रचना

  • नि: (उपसर्ग) + विकार (मूल शब्द) से निर्मित है।
  • नि: = उपसर्ग (अर्थ – रहित, बिना, शून्य)
  • विकार = दोष, परिवर्तन, बिगाड़
  • नि: + विकार = निर्विकार

सही हिंदी मुहिम: आज का शब्द ‘अनधिकृत’, जानिए अर्थ, संधि-विच्छेद, प्रयोग और उदाहरण

अर्थ

  • निर्विकार का प्रयोग उस व्यक्ति, वस्तु या अवस्था के लिए होता है
  • जो दोषरहित और निर्मल हो।
  • जो भावनाओं से अप्रभावित हो।
  • जो शांति और स्थिरता का प्रतीक हो।
  • अर्थात् निर्विकार का अर्थ है: जिसमें कोई दोष या परिवर्तन न हो। शुद्ध, शांत, निर्मल, निर्दोष हो। भावनाओं से अप्रभावित, स्थिरचित्त हो।

सही हिंदी: आज का शब्द ‘आयुर्विज्ञान’, जानिए अर्थ, संधि-विच्छेद, प्रयोग और उदाहरण

व्याकरणिक पहचान

  • शब्द भेद: विशेषण।
  • विपरीतार्थक (विलोम): विकारी, दोषयुक्त, अशांत।
  • पर्यायवाची: निर्दोष, निष्पक्ष, निर्मल, निष्कलंक।

प्रयोग

‘निर्विकार’ का प्रयोग किसी व्यक्ति के स्वभाव के लिए (जैसे: शांत, भावनाओं से ऊपर, निष्पक्ष) अथवा किसी वस्तु या स्थिति के लिए (जैसे: जिसमें कोई बदलाव या दोष न हो) किया जाता है। आध्यात्मिक और दार्शनिक ग्रंथों में ‘निर्विकार’ का प्रयोग अक्सर मन की शांति और स्थिरता के लिए किया जाता है।

सही हिंदी: आज का शब्द ‘आविष्कार’, जानिए अर्थ, संरचना, प्रयोग और उदाहरण

उदाहरण

  • महात्मा का चेहरा हर परिस्थिति में निर्विकार रहा।
  • न्यायाधीश को निर्विकार होकर निर्णय देना चाहिए।
  • योगाभ्यास और ध्यान से मन निर्विकार और शांत हो जाता है।
  • गंगा का निर्मल जल सदियों से पवित्र और निर्विकार माना गया है।
  • भगवान शिव को निर्विकार और अविनाशी बताया गया है, जिनका विनाश नहीं हो सकता।

सही हिंदी: आज का शब्द ‘विचक्षण’, जानिए अर्थ, संरचना, प्रयोग और उदाहरण