देशभर में अगले महीने मनाए जाने वाले दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां जोरों से शुरू हो गई है। अलग अलग राज्यों से बनाई जा रही दुर्गा प्रतिमा की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में पश्चिम बंगाल से भी कुछ तस्वीरें सामने आई है जिसमें देखा गया है कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की दुर्गा प्रतिमा बनाई गई है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी इस दुर्गा पूजा में दुर्गा के रूप में नजर आएंगी। मूर्तिकार मिंटू पॉल इस प्रतिमा का निर्माण कर रहे हैं। कुम्हारटोली में बन रही फाइबर ग्लास की यह प्रतिमा कोलकाता की नजरुलपुर उन्नयन समिति के पूजा पंडाल में दिखेगी। इस प्रतिमा में टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी की पसंदीदा सफेद रंग की साड़ी और उनके ट्रेडमार्क स्लिपर चप्पल में उनकी देवी रूपी प्रतिमा बनाई गई है। मूर्तिकार मिंटू पॉल ने बताया कि देवी के हाथों में शस्त्र दर्शाने की बजाए उनके 10 हाथ बनाए गए हैं। ये हाथ उनकी योजनाओं जैसे- कन्याश्री, स्वस्थ सती, रूपाश्री, सबुजसाथी, लक्ष्मीर भंडार व अन्य को दर्शाते हैं। बता दें कि बंगाल का दुर्गापूजा विश्व भर में प्रसिद्ध है तथा पूजा की तैयारी अभी से ही शुरू हो गई है। पूजा के दौरान थीम पूजा के साथ-साथ साज-सज्जा की जाती है। All Images: Partha Paul
