Weather Update: हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति में गुरुवार (5 मार्च) को ताजा बर्फबारी हुई है। इससे मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में बारिश हुई है। अगले 48 घंटों के दौरान और अधिक वर्षा के आसार हैं। तेज़ हवाएं और ओलावृष्टि फसलों को चौपट कर सकती है।
उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर से लेकर लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक भारी बारिश और हिमपात के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओड़ीशा, छत्तीसगढ़ में भी मध्यम से भारी वर्षा और ओलावृष्टि का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वी भारत के भागों पर कई मौसमी सिस्टम विकसित होंगे जिसकी वजह से पूर्वी राज्यों में मौसम बदलेगा। झारखंड में जमशेदपुर, रांची, चाईबासा में वर्षा की तीव्रता अधिक हो सकती है। जबकि दक्षिणी बिहार में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की वर्षा की संभावना है।
स्टाईमेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के अधिकांश जिलों में एक बार फिर बारिश की हो सकती है। 25 मार्च की शाम से हरियाणा के पश्चिमी जिलों में वर्षा की शुरुआत होने का अनुमान है। 6 मार्च यानि शुक्रवार को राज्य के सभी जिलों में बारिश तथा मेघ गर्जना हो सकती है।
बारिश होने के चलते अगले दो दिनों के दौरान अधिकांश जगहों पर दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे जा सकता है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
भारी वर्षा, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण गेहूं, चना, सरसों, मटर समेत तमाम रबी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। सभी फसलें कुछ ही दिनों में तैयार होने वाली है। इस स्थिति में तेज बारिश हवाओं की वजह से इसके पैदावार पर असर पड़ सकता है।
8 मार्च से उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ होने की संभावा है हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। संभावना जताई जा रही है कि होली के दौरान मौसम साफ रहेगा।

