COVID 19 Cases: कोरोनावायरस के मामले देश के कई राज्यों में तेजी से बढ़ने लगे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलावा, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु और तेलंगाना में कोरोना के में इजाफा देखा गया है, जिसको लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव इन राज्यों को आगाह किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने दिल्ली के अलावा, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु और तेलंगाना को पत्र लिखा है और कहा है, “कोरोना के खिलाफ टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाई जाए और कोविड के उचित व्यवहार का पालन कराया जाए।
दिल्ली में भी बढ़े कोरोना के मामले
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,419 नए मामले सामने आए और 1,716 मरीज ठीक हुए। पिछले 24 घंटे में 2 लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं, कर्नाटक में भी कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी गई है। कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं और उनमें हल्के लक्षण हैं। बोम्मई ने दिल्ली का अपना दौरा भी रद्द कर दिया है। बोम्मई ने कहा कि वह घर पर आइसोलेशन में रह रहे हैं। महाराष्ट्र में भी कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। राज्य में शुक्रवार को कोरोना के 2024 मामले दर्ज किए गए और इस दौरान 5 मौतें भी हुईं।
शनिवार को देश में 49 लोगों की मौत
देश में शनिवार को कोरोना के 19,406 नए मामले आने के बाद इस वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,41,26,994 पर पहुंच गई है। देश में अभी कोरोना के सक्रिय मामले 1,34,793 हैं और दैनिक पॉजिटिविटी दर 4.96% है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में शनिवार को कोरोना के कारण 49 और मरीजों की मौत हुई जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,26,649 हो गई है।
कोरोनावायरस के संक्रमण के कारण देश में अभी तक 5,26,649 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें से 1,48,129 की मौत महाराष्ट्र में सामने आई है। वहीं, 70,548 लोगों की मौत केरल में हुई है। 40,155 की कर्नाटक, 38,033 की तमिलनाडु, 26,327 की दिल्ली, 23,574 की उत्तर प्रदेश और 21,389 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई है।