आज तक पर टीवी डिबेट के दौरान महंगाई पर कांग्रेस के पैनलिस्ट ने बीजेपी सांसद से कहा कि उनकी पार्टी लोगों को मूर्ख बनाती है। उन्होंने चेताते हुए कहा कि अब घर-घर मोदी बोल मत दीजिएगा। नहीं तो पार्टी को शर्मसार होना पड़ेगा। उनका कहना था कि अब घर-घर से मोदी जी को धक्का दिया जाने वाला है।

कांग्रेस के पैनलिस्ट पवन खेड़ा ने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों की वजह से महंगाई सिर चढ़कर बोल रही है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें तो आम आदमी की कमर तोड़ने वाली हैं ही। गैस सिलेंडर के दाम भी आम आदमी को परेशान कर रहे हैं। उनका कहना था कि 609 की चीज सरकार 819 में कैसे दे रही है। इसका जवाब दे। खेड़ा ने कहा कि उज्जवला योजना बेकार साबित हो रही है। खाली सिलेंडर लेकर महिलाएं क्या करेंगी।

बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि गैस के दाम तय करने वाली कंपनी प्राइवेट है। उसमें सरकार का क्या रोल है। उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता पर बेवजह अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया। सुधांशु का कहना था कि मोदी सरकार लोगों के हित में काम कर रही है। लोगों का जीवन कैसे खुशहाल हो सरकार इसके लिए जी-जान से जुटी हुई है। उनका कहना था कि कांग्रेस ने सरकार पर 1 लाख 40 हजार करोड़ का कर्ज डाल दिया। इसका ब्याज उन्हें देना पड़ रहा है। कांग्रेस की नीतियां ही महंगाई बढ़ा रही हैं।

पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। महिला दिवस पर सरकार ये कैसा तोहफा दे रही है। आपने लोगों से झूठ बोलकर वोट बटोरा है। अब जनता आपको सबक सिखाने वाली है। उन्होंने कहा कि पीएम महंगाई का ठीकरा पहले की सरकारों पर फोड़ते हैं। जबकि पिछले सात साल से बीजेपी केंद्र की सत्ता में बैठी है।

प्रोग्राम में कांग्रेस और बीजेपी के पैनलिस्ट आपस में बुरी तरह से उलझ गए। ऐंकर रोहित सरदाना को बीचबचाव करना पड़ा। ऐंकर का कहना था कि काफी देर से दोनों एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं। यह ठीक नहीं है। कम से कम लोगों को पता तो चलना चाहिए कि किसका क्या स्टैंड है।