उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार तीसरी बार एक सर्वे में देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुने गए हैं। इस सर्वे में कहा गया है कि योगी आदित्यनाथ को सर्वे में कुल वोटों का 24 फीसदी मिला, जो कि पिछले सर्वे के मुकाबले 6 प्रतिशत ज्यादा है। इसके चलते उन्हें सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्रियों की लिस्ट में पहला स्थान मिला है।
इंडिया टुडे और कार्वी इनसाइट्स के ‘मूड ऑफ द नेशन’ सर्वे के मुताबिक, देश के टॉप-7 बेहतर प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्रियों में से 6 गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेसी राज्यों से हैं। इनमें सबसे बड़ा नुकसान ममता बनर्जी को हुआ है। योगी आदित्यनाथ से पहले लगातार तीन बार देश की सर्वश्रेष्ठ सीएम रहीं ममता अब चौथे स्थान पर हैं। उन्हें सर्वे में 9 फीसदी वोट मिले, जो कि योगी के मुकाबले एक-तिहाई हैं। दूसरी तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (15 फीसदी वोट) और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी (11 फीसदी वोट) उनसे आगे हैं।
बता दें कि पिछले साल जनवरी में जो सर्वे हुआ था, उसमें योगी आदित्यनाथ को 18 फीसदी जनता ने पहली पसंद करार दिया था। हालांकि, पिछले एक साल में यूपी से बर्बर दुष्कर्म और अपराध की घटनाओं के बाहर आने के बावजूद योगी की छवि पर असर पड़ने की बात कही जा रही थी। इसके बावजूद ताजा सर्वे में लोगों ने योगी पर विश्वास बनाए रखा है। बता दें कि जनवरी 2020 के सर्वे में योगी के बाद केजरीवाल और ममता बनर्जी (11-11 फीसदी वोटों) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर थे।
इससे पहले अगस्त 2019 के सर्वे में भी योगी को सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाला मुख्यमंत्री करार दिया गया था। तब पहली बार यूपी सीएम ने ममता बनर्जी को पहले स्थान से बेदखल किया था। इससे पहले ममता बनर्जी लगातार तीन बार मूड ऑफ द नेशन पोल में टॉप पर रही थीं।
बताया गया है कि MOTN पोल दिल्ली की मार्केट रिसर्च एजेंसी ने 15 जुलाई 2020 से 27 जुलाई 2020 के बीच किए। इसमें कुल 12,021 लोगों का इंटरव्यू किया गया। 67 फीसदी लोग ग्रामीण क्षेत्रों के थे, जबकि 33 फीसदी शहरी क्षेत्र के लोग थे। सर्वे में कुल 97 संसदीय सीटों और पूरे भारत में 19 राज्यों की 194 विधानसभा सीटों को कवर किया गया।