लोगों के मन में देश के राज्यों के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति के बारे में जानने के लिए उत्सुकता बनी रहती है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी (YS Jagan Mohan Reddy) देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। वहीं सबसे गरीब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) हैं। देश के सभी 30 मुख्यमंत्रियों की संपत्ति का विश्लेषण करने के बाद कुछ रोचक जानकारियां सामने आईं।

YS Jagan Mohan Reddy सबसे अमीर मुख्यमंत्री

जगन रेड्डी (Jagan Reddy) की संपत्ति 370 करोड़ रुपये है, जो सबसे अधिक है। इसमें विरासत में मिली संपत्ति के साथ-साथ हासिल की गई संपत्ति भी शामिल है। 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति वाले एकमात्र अन्य मुख्यमंत्री अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू (Arunachal Pradesh CM Pema Khandu) हैं, जो दूसरे नंबर पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 132 करोड़ रुपए है। सभी आठ पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 178.85 करोड़ रुपये है।

नवीन पटनायक के पास 64 करोड़ की संपत्ति

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक (Odisha CM Naveen Patnaik) देश के तीसरे सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। पटनायक की कुल संपत्ति 63 करोड़ 72 लाख रुपये है। वहीं पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी (Puducherry CM N Rangaswamy) देश के चौथे सबसे अमीर सीएम हैं। इनकी कुल संपत्ति 37 करोड़ 24 लाख रुपये है। जबकि नागालैंड के सीएम नेफ्यू रियो (Nagaland CM Neiphiu Rio) देश के पांचवें सबसे अमीर सीएम हैं। इनकी कुल संपत्ति 28 करोड़ 14 लाख रुपये है।

Mamata Banerjee की संपत्ति सबसे कम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (UP CM Yogi Adityanath) की संपत्ति 1 करोड़ 56 लाख रुपये है। जबकि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की संपत्ति केवल 15 लाख रुपये है, जो सभी मुख्यमंत्रियों में सबसे कम है। वहीं बिहार के सीएम नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) की भी संपत्ति एक करोड़ से कम है। नीतीश कुमार की संपत्ति 56 लाख रुपये है। सभी मुख्यमंत्रियों की संपत्ति उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार बताई गई है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी करोड़पति हैं। उनके पास एक करोड़ चार लाख रुपये की संपत्ति है। इसके साथ ही हिमंता देश के सबसे पढ़े लिखे मुख्यमंत्री हैं। उनके हलफनामे के अनुसार उनके पास फिलोसीफि में डॉक्टरेट (doctorate in philosophy), राजनीति विज्ञान में एमए (MA in political science) और कानून की डिग्री (law degree) है।