अर्द्धसैनिक बलों- केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) में जल्द ही 33 फीसद महिला सिपाही होंगी। पंद्रह फीसद महिलाएं सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) में होंगी। इन बलों में करीब नौ लाख कर्मी हैं जिनमें वर्तमान में केवल 20 हजार महिलाएं हैं।

सीआरपीएफ और सीआइएसएफ में सिपाही स्तर पर महिलाओं के लिए 33 फीसद और बीएसएफ, एसएसबी और आइटीबीपी में जल्द ही 14-15 फीसद पदों पर आरक्षण शुरू होगा। गृह मंत्रालय के जारी एक बयान में कहा गया है कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के उद्देश्य से गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सिपाही स्तर पर 33 फीसद पद महिलाओं से भरे जाने को अनुमति दे दी है।

महिला सशक्तीकरण पर बनी समिति की छठी रिपोर्ट की अनुशंसा के बाद यह कदम उठाया गया है। उसमें कहा गया है कि अर्द्धसैनिक बलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व तुरंत बढ़ाए जाने की जरूरत है। दुनिया के सबसे बड़Þे अर्द्धसैनिक बल सीआरपीएफ में करीब 6300 महिलाएं हैं। यह बल मुख्य रूप से कानून व्यवस्था और नक्सल विरोधी गतिविधियों में तैनात है।