गुजरात राज्य में लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी सरकार चला रही है। इस समय राज्य की कमान भूपेंद्र पटेल के हाथों में है और प्रदेश में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल हैं। PM नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी गुजरात से आते हैं। गुजरात बीजेपी के चीफ ने रविवार को खुद जानकारी दी कि वो पब्लिक इवेंट्स में मालाएं नहीं पहनते हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) की पत्नी और बीजेपी विधायक रिवाबा जडेजा के जन्मदिन के मौके पर जामनगर में आयोजित किए गए एक कार्यक्रम में सी आर पाटिल का स्वागत मालाएं पहानकर किया जाना था लेकिन उन्होंने एक भी माला पहनने से इनकार कर दिया।

बाद में गुजरात बीजेपी चीफ ने अपने भाषण में कहा, “मैंने मालाएं पहनने से मना कर दिया। मैं मालाएं नहीं पहनता। किसी को भी इसकी वजह नहीं पता। यह 182 सीटें (पिछले साल विधानसभा चुनाव में) जीतने का संकल्प था। हम 156 सीटों पर ही रुक गए और इस वजह से मैं माला नहीं पहनता।”

सी आर पाटिल (CR Paatil) ने कहा कहा, “जिस दिन हम सभी सीटें जीत जाएंगे। मैं माला पहनूंगा। अगर हमारा संकल्प अधूरा रह गया है तो उसे पूरा करना ही होगा। ठीक है ना?”

CR Paatil ने 182 सीटें न जीतने पर किया था इस्तीफे का ऐलान

आपको बता दें कि गुजरात बीजेपी चीफ बनने के बाद सी आर पाटिल ने राज्य में बीजेपी कार्यकर्ताओं को सभी 182 सीटें जीतने का लक्ष्य दिया था। उन्होंने राज्य में एक भी विधानसभा सीट हारने पर पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया था।

कौन हैं सी आर पाटिल?

चंद्रकांत रघुनाथ पाटिल मूल रूप महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले हैं। वो साल 2020 में गुजरात बीजेपी के पहले ऐसे प्रदेश अध्यक्ष बने जो गुजराती नहीं हैं। वह गुजरात बीजेपी चीफ के रूप में तीन साल पूरे कर चुके हैं। उन्हें जनता का नेता माना जाता है। गांधी नगर में उनके बंगले पर हर समय फरियादियों की भीड़ देखी जा सकती है। कहा जाता है कि सीआर पाटिल को पीएम नरेंद्र मोदी का विशेष आशीर्वाद मिला हुआ है। वह साल 1995 में स्टेट जनरल सेक्रेटरी नियुक्त किए गए। वो नवसारी से लगातार तीसरी बार चुनकर लोकसभा भेजे गए हैं। सी आर पाटिल ने साल 2009 में पहली बार नवसारी से लोकसभा चुनाव जीता था।